CM की घोषणा-नगरनार और किलेपाल में खुलेगा महाविद्यालय विष्णुदेव साय ने बस्तर को दी 100 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात 

CM की घोषणा-नगरनार और किलेपाल में खुलेगा महाविद्यालय विष्णुदेव साय ने बस्तर को दी 100 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात 
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

26 जनवरी 2024 जगदलपुर :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जगदलपुर दौरे पर रहे हैं। वे शहर से लगे बाबू सेमरा में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे।

इसी मंच से उन्होंने बस्तर जिलेवासियों को करीब 100 करोड़ 42 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। जिसमें 24 करोड़ 44 लाख 60 हजार रुपए के 110 कार्यों का लोकार्पण और 75 करोड़ 98 लाख 88 हजार रुपए की लागत से बने 89 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इसके अलावा किलेपाल और नगरनार में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की गई।

CM ने कहा कि, करीब 100 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हुआ है। स्वच्छ भारत मिशन की घोषणा देश के प्रधानमंत्री ने की थी, जिसके कारण देश के हर घर में शौचालय का निर्माण हुआ है।

अब कचरे का भी उपयोग किया जाता है। कचरे को रिसाइकिल करके उससे कई चीजें बनाई जा रही है। कचरे से डेली इस्तेमाल का सामान बनाने वाली स्व सहायता समूह की महिलाओं को मैं बधाई देना चाहूंगा। 

लोकसभा जिताने का लक्ष्य

CM ने कहा कि, जिस तरह से विधानसभा चुनाव में आपने मोदी की गारंटी पर विश्वास किया और 12 में से 8 विधानसभा सीटों पर जीत दिलाई उसके लिए भी आपको बधाई और शुभकामनाएं। हमारी सरकार को सिर्फ डेढ़ महीने हुआ है लेकिन हम मोदी की गारंटी पर चल पड़े हैं। 13 दिसंबर को हमने शपथ लिया और 14 दिसंबर को ही हमने 18 लाख घरों के लिए निर्णय ले लिया था।

PSC मामले में होगी CBI जांच

 हमने सुशासन दिवस पर दो साल के बकाया धान का बोनस 3716 करोड़ रूपए किसानों के खाते में ट्रांसफर किया। हमारे बच्चों के साथ खिलवाड़ हुआ था। PSC में घोटाला हुआ था। मोदी जी ने कहा था इस पर कार्रवाई होगी। हमने CBI जांच की अनुशंसा कर दी है जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई जरूर होगी। 

3100 रुपए क्विंटल में खरीदा जाएगा धान

किसानों से धान को 3100 रूपए प्रति क्विंटल में खरीदा जाएगा। अभी समर्थन मूल्य दिया जा रहा है और बाकी राशि एकमुश्त जल्द ही दी जाएगी। इसके अलावा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत सालभर के 12 ह जार रूपए भी जल्द ही जारी करेंगे। तेंदूपत्ता संग्राहक बोनस योजना भी जल्द शुरू होगा जिसमें उन्हें 4500 रूपए बोनस की पात्रता भी होगी। 

राम जी के करवाएंगे दर्शन

CM ने कहा कि, 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई। हम सरकारी खर्चे में छत्तीसगढ़ के लोगों को रामलला के दर्शन कराएंगे। इसके लिए रामलला योजना शुरू की जा रही है। हमारी सरकार मोदी की हर गारंटी को पूरा करेगी।