भाजपा के नेता अपना रहे हैं झूठे हथकंडे भूपेश बघेल के उत्कृष्ट कार्य से विचलित हो उठे हैं भाजपाई : गैदू

भाजपा के नेता अपना रहे हैं झूठे हथकंडे भूपेश बघेल के उत्कृष्ट कार्य से विचलित हो उठे हैं भाजपाई  : गैदू
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

04 अगस्त 2023 जगदलपुर :- वरिष्ठ कांग्रेस नेता मलकित सिंह गैदू ने भाजपा पार्षद दल द्वारा जगदलपुर नगर पालिक निगम की महापौर के खिलाफ दिए गए अविश्वास प्रस्ताव के आवेदन को भाजपा की बौखलाहट का नतीजा करार दिया है। उन्होंने कहा है कि राज्य की भूपेश बघेल सरकार और जगदलपुर की कांग्रेस शासित नगर निगम सरकार के उत्कृष्ट कामकाज ने भाजपा नेताओं की नींद उड़ा रखी है। इसीलिए वे अविश्वास प्रस्ताव लाकर अपनी खीझ उतारने का असफल प्रयास कर रहे हैं।

  एक बयान में इंद्रवती विकास प्राधिकरण के सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव मलकित सिंह गैदू ने कहा है कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा के नेता कभी धर्म का कार्ड खेलने लगते हैं, तो कभी बेसिर पैर की बातें उठाने लगते हैं।

राज्य में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने अपनी पहली ही पारी में बेहतरीन परफॉरमेंस दिखाकर लोगों का दिल जीत लिया है।संख्या बल में भाजपा के सदस्यों की विधानसभा में न के बराबर है, इसलिए भाजपा चाहकर भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बाल तक बांका नहीं कर पा रहे हैं।

विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाकर भाजपाई अपनी औकात देख चुके हैं। थक हार कर वे ईडी, सीबीआई, आईटी जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का सहारा लेकर प्रदेश की लोकप्रिय कांग्रेस सरकार को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास करते आ रहे हैं।  गैदू ने कहा है कि ठीक इसी तरह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, जिला प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, क्षेत्रीय विधायक रेखचंद जैन, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं विधायक लखेश्वर बघेल आदि के मार्गदर्शन में महापौर सफीरा साहू, नगर निगम सभापति कविता साहू एवं सारे एमआईसी सदस्य शहर के विकास के लिए जी जान लगाकर काम कर रहे हैं।

भाजपा पार्षद दल के नेता, भाजपा पार्षदों और भाजपा के नेताओं को शहर का विकास पच नहीं रहा है। वे बेसिर पैर के आरोप लगाकर नगर निगम सरकार को अस्थिर करने की कुचेष्टा पर आमादा हो गए हैं। मलकित सिंह गैदू ने कहा है कि भाजपा के लोग चाहे जितना भी सिर पीट लें, जहां चाहें जाकर नाक रगड़ लें, वे निगम सरकार का एक पत्ता भी नहीं हिला पाएंगे।  गैदू ने कहा है कि भाजपा के लोग अच्छे से जानते हैं कि नगर निगम में कांग्रेस के 29 और भाजपा के सिर्फ 19 पार्षद हैं।

ऐसे में उनका अविश्वास प्रस्ताव मुंह के बल गिर जाएगा, बावजूद वे अविश्वास प्रस्ताव लाने की नौटंकी कर जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्शाने के लिए यह हथकंडा अपना रहे हैं। मलकित सिंह ने कहा है कि शहर की जनता अच्छे से जान चुकी है कि कांग्रेस ही उसका भला कर सकती है। भाजपा सिर्फ नौटंकी करने में माहिर है।