पति-पत्नी के झगड़े मे पड़ोसियों की एंट्री , गुस्से मे पति ने सीने पर मार दिया चाकू, युवक घायल, आरोपी गिरफ्तार 

पति-पत्नी के झगड़े मे पड़ोसियों की एंट्री , गुस्से मे पति ने सीने पर मार दिया चाकू, युवक घायल, आरोपी गिरफ्तार 
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

03 जनवरी 2023 दंतेवाडा :- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक युवक ने अपने पड़ोसी को चाकू मार दिया है। बताया जा रहा है कि, पति-पत्नी के बीच हो रहे झगड़े को पड़ोस में रहने वाला युवक सुलझाने के लिए गया हुआ था। इसी बात से खफा महिला के हसबैंड ने चाकू से अपने पड़ोसी युवक के सीने पर हमला कर दिया। इस वारदात के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला किरंदुल थाना क्षेत्र का है। 

जानकारी के मुताबिक, जिले के कोड़ेनारा गांव का रहने वाला युवक शंभुनाथ यादव 2 जनवरी की रात करीब 7 से 8 बजे के बीच अपनी पत्नी के साथ झगड़ा कर रहा था। गाली-गलौच की आवाज सुनकर उनके पड़ोस में रहने वाला युवक प्रदीप जाल अपने बड़े भाई के साथ उसके घर पहुंचा। दोनों शंभूनाथ को झगड़ा न करने के लिए समझ रहे थे। पति-पत्नी के झगड़े में पड़ोसी की एंट्री होने से युवक खफा हो गया। 

इसके बाद वह अपने घर के अंदर गया और चाकू लेकर आया। फिर प्रदीप और उसके भाई के साथ झगड़ा करने लगा। शंभूनाथ ने चाकू से प्रदीप के सीने पर वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया था। इसके बाद प्रदीप के भाई ने इस बात की खबर पुलिस को दी। घायल को अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि घायल की स्थिति खतरे से बाहर है। 

शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को पता चला कि आरोपी घर के पास में ही छिपा हुआ है। वहीं आज 3 जनवरी को आरोपी को घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया गया। फिर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेशकर जले भेजा गया है। दंतेवाड़ा पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ ही घंटे के अंदर आरोपी को पकड़ने में कामयाबी मिली है।