कोंडागांव में जवान ने खुद को मारी गोली, गंभीर स्थिति में लाया गया अस्पताल, इलाज जारी

कोंडागांव में जवान ने खुद को मारी गोली, गंभीर स्थिति में लाया गया अस्पताल, इलाज जारी
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

04 जनवरी 2024 कोंडागांव :- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक जवान ने खुद को गोली मार दी है। घायल जवान को जिला अस्पताल लाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति काफी नाजुक बताई जा रही है जिसे रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल जवान के सुसाइड का प्रयास करने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। मामला मर्दापाल थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, जवान का नाम वीरेंद्र चिंडा है, जो कोंडागांव जिले के कुधुर पुलिस कैंप में पोस्टेड था। कैंप में ही इसने सुसाइड का प्रयास किया है। आज गुरुवार की सुबह करीब 7 बजे इसने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी है। जिसके बाद यह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे। 

फिर जवान को एंबुलेंस के माध्यम से फौरन जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसे ICU में रखा गया है। जवान की हालत नाजुक है। उसे रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है। इधर, DSP सतीश भार्गव ने कहा कि जवान ने सुसाइड का प्रयास आखिर क्यों किया है यह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।