मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज बस्तर दौरा कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में होंगे शामिल, मुख्यमंत्री बनने के बाद पहलीबार आ रहे बस्तर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज बस्तर दौरा   कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में होंगे शामिल, मुख्यमंत्री बनने के बाद पहलीबार आ रहे बस्तर
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

06 जनवरी 2024 जगदलपुर :- बस्तर से आज भाजपा का कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन शुरू होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जगदलपुर पहुंचेंगे। शहर के धरमपुरा में स्थति PG कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने और साय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका यह पहला बस्तर दौरा है।

दरअसल, भाजपा बस्तर से कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन की शुरुआत कर रही है। यह सम्मलेन राज्य के पांचों संभाग में होगा। जिसकी शुरआत आज 6 जनवरी से जगदलपुर से हो रही है। सरकार बनने के बाद पार्टी का यह पहला बड़ा आयोजन है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव समेत बस्तर के सारे भाजपा विधायक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

मुख्यमंत्री बनने के बाद विष्णुदेव साय आज पहली बार बस्तर आ रहे हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं से मुखातिब होंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से ही इसी साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद किया जाएगा। पार्टी के सूत्रों की मानें तो यह सम्मेलन पहले रायपुर संभाग से शुरू होना था, लेकिन CM विष्णुदेव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने कार्यक्रम में बदलाव किया और इसे बस्तर से शुरू करने की योजना बनाई।

बस्तर से ही शुरू की थी चिंतन शिविर और परिवर्तन यात्रा

दरअसल, साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी हार मिली थी। बस्तर की सारी 12 विधानसभा सीटों को कांग्रेस ने अपने कब्जे में ले लिया था। जिसके बाद इस हार की वजह और साल 2023 की तैयारियों के लिए स्ट्रैटजी बनाने के लिए भाजपा ने बस्तर से ही चिंतन शिविर की शुरुआत की थी। जिसका फायदा चुनाव में मिला और 8 सीटों पर BJP ने कमबैक किया। प्रदेश में सरकार बनाने का रास्ता असाना हुआ।

इसके अलावा विधानसभा चुनाव से फहले भाजपा ने परिवर्तन यात्रा की शुरुवात भी बस्तर से ही की थी। मां दंतेश्वरी की नगरी दंतेवाड़ा से परिवर्तन रथ को रवाना किया था। भाजपा का यह परिवर्तन रथ प्रदेशभर में गया था। बस्तर से ही शुरू हुई भाजपा की इस परिवर्तन यात्रा का फायदा मिला और प्रदेश में सरकार बदल गई।

सम्भाग भर के कार्यकर्ता होंगे शामिल

दरअसल, कार्यकर्ता सम्मेलन में कांकेर, बस्तर, सुकमा, नारायणपुर,प दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस सम्मेलन में जगदलपुर सीट से MLA और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव, नारायणपुर सीट से MLA और मंत्री केदार कश्यप समेत अन्य विधानसभा से BJP MLA शामिल होंगे।

12 सीटों में 8 पर भाजपा का कब्जा

बस्तर संभाग की दंतेवाड़ा, चित्रकोट, जगदलपुर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, केशकाल और अंतागढ़ इन 8 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। जबकि, भानुप्रतापपुर, बस्तर, बीजापुर और कोंटा सीट पर कांग्रेस ने अपना वर्चस्व जारी रखा है।