दंतेवाड़ा में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, एक माओवादी ढेर मारे गए नक्सली की बॉडी रिकवर, 5 लाख रुपए का था इनाम

दंतेवाड़ा में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, एक माओवादी ढेर मारे गए नक्सली की बॉडी रिकवर, 5 लाख रुपए का था इनाम
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

16 जनवरी 2024 दंतेवाडा :- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में इंद्रावती नदी पार के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में ACM रैंक के एक नक्सली को जवानों ने ढेर कर दिया है। इसपर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मारे गए नक्सली की बॉडी भी रिकवर कर ली गई है। फिलहाल जवान अभी घटना स्थल पर ही मौजूद हैं। मामला बारसूर थाना क्षेत्र का है। 

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्रावती नदी पार के कौशलनार-मंगनार के जंगलों में हथियारों से लैस नक्सली मौजूद हैं। मुखबिर की इसी सूचना के बाद आज सुबह DRG के जवानों को नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन पर निकाला गया था। जवान जैसे ही इसी इलाके के जंगल में पहुंचे तो यहां पहले से ही मौजूद नक्सलियों ने जवानों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी।

जिसके बाद जवानों ने भी नक्सलियों की गोलियों का जवाब दिया। करीब 30 मिनट तक दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई। हालांकि, जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल की आड़ लेकर मौके से भाग निकले। फायरिंग रुकने के बाद बाद DRG जवानों ने घटना स्थल की सर्चिंग की। सर्चिंग में एक पुरुष नक्सली का शव बरामद किया गया है। 

दंतेवाड़ा के ASP आरके बर्मन ने बताया कि, मारा गया नक्सली इंद्रावती एरिया कमेटी में एरिया कमेटी मेंबर (ACM) के पद पर सक्रिय था। इसपर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। जवान जब लौटेंगे उसके बाद ही इस संबंध में और जानकारी मिल पाएगी।