प्रभु श्री राम की भक्ति में डूबा शहर, रथ मे विराजे भगवान राम, सीता और लक्ष्मण, करवाई गई नगर परिक्रमा, जुटे हजारों भक्त 

प्रभु श्री राम की भक्ति में डूबा शहर, रथ मे विराजे भगवान राम, सीता और लक्ष्मण, करवाई गई नगर परिक्रमा, जुटे हजारों भक्त 
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

18 जनवरी 2024 दंतेवाडा :- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले की व्यवसायिक नगरी गीदम राम की भक्ति में डूबी। अयोध्या की तर्ज पर यहां विशाल शोभायात्रा निकाली गई। प्रभु श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण रथ में सवार होकर नगर की परिक्रमा किए। प्रभु के स्वागत के लिए लोगों ने फूलों की वर्षा की। इस विशाल शोभायात्रा में दंतेवाड़ा जिले के अलावा, बीजापुर, बस्तर, कोंडागांव समेत अन्य जिलों के भक्त भी शामिल हुए।

दरअसल, अयोध्या में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बस्तर में भी जश्न का माहौल है। इसी खुशी में शोभायात्रा और महाआरती का आयोजन किया गया था। नगर के नए बस स्टैंड में गांव से लेकर शहर तक के हजारों राम भक्त जुटे। यहां प्रभु श्री राम की महाआरती का भी आयोजन किया गया। जिसके बाद इस कार्यक्रम में करीब 20 कार सेवकों का भी सम्मान किया गया। 

नए बस स्टैंड से निकाली गई शोभायात्रा

आदिवासी समुदाय और स्कूली बच्चे प्रभु श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान का वेश धारण किए। कोंड़ागांव से एक विशेष रथ मंगवाया गया था। जिसमें प्रभु का वेश धारण किए बच्चों को विराजमान करवाया गया। प्रभु श्री राम के रथ के साथ शोभायात्रा निकाली गई जो नए बस स्टैंड से होते हुए नेशनल हाईवे से हारम चौक तक, फिर वहां से पुराना नाका के पास स्थित बजरंगबली के मंदिर के पास खत्म हुई। 

जिन-जिन जगहों से राम रथ गुजरा वहां के लोगों ने फूलों की वर्षा की। साथ ही जय-जय श्री राम के जयकारे से शहर गूंज उठा। जमकर आतिशबाजी भी की गई। खास बात रही कि इस शोभायात्रा में पारंपरिक वाद्ययंत्रों का प्रयोग किया गया। ढोल-नगाड़े की थाप पर राम भक्त जमकर झूमें। 

कर्मभूमि सेवा समिति ने किया स्वागत 

प्रभु श्री राम का रथ जब शहर के बाबा रामदेव मंदिर के पास पहुंचा तो यहां कर्मभूमि सेवा समिति के सदस्यों ने भी इस शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल भक्तों के लिए पीने के पानी समेत अन्य चीजों की व्यवस्था करवाई गई थी। 

पूरे शहर में था खुशी का माहौल

विहिप और बजरंगदल के सदस्य राजा राम वट्टी, युगल सोनी, विशाल जैन, अंकित गुप्ता और संतोष साहू ने बताया कि, इस कार्यक्रम में पूरे नगर में खुशी का माहौल था। प्रभु की भक्ति में सभी झूमें। अब 22 जनवरी को अयोध्या में मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान एक बार फिर से कार्यक्रम किया जाएगा।