बस्तर पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 1.68 लाख की Alprazolam टैबलेट जब्त, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार
29 अगस्त 2026 जगदलपुर :- बस्तर जिले में अवैध एवं प्रतिबंधित नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बोधघाट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को प्रतिबंधित नशीली टैबलेट Alprazolam के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 420 नग नशीली टैबलेट बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 68 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करीब 20-21 वर्ष का एक युवक, हरे रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहने हुए, ओडिशा की ओर से अड़ावाल मार्ग होते हुए जगदलपुर की तरफ मोटरसाइकिल से आ रहा है। उसके पास बिक्री के लिए प्रतिबंधित नशीली टैबलेट होने की सूचना पुलिस को मिली थी।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने ओडिशा रोड स्थित मुस्कान पेट्रोल पंप के पास MCP कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन के आधार पर एक युवक को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम बादल नाग उर्फ टिन्नी, पिता अनिल नाग, उम्र 20 वर्ष, निवासी दंतेश्वरी वार्ड, बैला बाजार, जगदलपुर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद झोले से Alprazolam की 28 पत्तियां, कुल 420 नग टैबलेट बरामद हुईं। इनकी अनुमानित कीमत 1,68,000 रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पुराना Oppo टच स्क्रीन मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये तथा एक पुरानी हरा-काला रंग की Splendor Plus मोटरसाइकिल क्रमांक CG 17 KU 6721, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है, भी जब्त की है।
इस तरह पुलिस द्वारा जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 2 लाख 8 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी नशीली टैबलेट को अपने कब्जे में रखने, परिवहन करने और बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 21(B) NDPS Act के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।
नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर
बस्तर पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग एवं सुनील मनहर, आरक्षक युवराज ठाकुर एवं दीपक मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।