जमीन के नीचे छिपा रखा था 21 लाख का गांजा, करपावंड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 42 किलो गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार
31 अगस्त 2026 जगदलपुर :- बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ बस्तर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत करपावंड थाना क्षेत्र के ग्राम छतौड़ी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 42 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की सुबह थाना करपावंड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छतौड़ी निवासी लालू प्रसाद बघेल पिता नरहरि बघेल, उम्र 25 वर्ष अपने घर में अवैध गांजा बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखा हुआ है।
सूचना की तस्दीक और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानपुरी श्री प्रवीण भारती के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी करपावंड निरीक्षक दिलबाग सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जमीन के अंदर प्लास्टिक ड्रम में छिपाया था गांजा
पुलिस टीम तत्काल ग्राम छतौड़ी पहुंची और संदेह के आधार पर आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के घर के आंगन स्थित बाड़ी में जमीन के अंदर प्लास्टिक ड्रम छिपाकर रखने की जानकारी मिली। ड्रम की तलाशी लेने पर उसमें गांजा बरामद हुआ।
इसके अलावा घर के अंदर एक सफेद बोरी में भी गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दोनों स्थानों से बरामद गांजे का विधिवत वजन कराया, जो कुल करीब 42 किलोग्राम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है।
गांजा, मोबाइल और नकदी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
करीब 42 किलोग्राम अवैध गांजा, कीमत लगभग 21 लाख रुपये
01 पुराना टच स्क्रीन मोबाइल फोन
1,200 रुपये नगद
जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा रखने और उसकी बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ NDPS Act की धारा 20(ख)(ii)(e) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी लालू प्रसाद बघेल, निवासी ग्राम छतौड़ी, थाना करपावंड, जिला बस्तर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है और गांजा कहां से लाया गया था तथा इसकी बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
नशे के खिलाफ बस्तर पुलिस का अभियान जारी
बस्तर पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलबाग सिंह, सउनि सुखनाथ दीवान, प्रधान आरक्षक रामनाथ भारती, संजीव सिंह, आरक्षक निरंजन महानंदी, कैलास भास्कर, डूमर बघेल, श्याम लाल कश्यप, पोलाद कश्यप तथा महिला आरक्षक चम्यंती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।