उड़ीसा से जगदलपुर ला रहा था 14.144 किलो गांजा, बोधघाट पुलिस ने स्कूटी समेत आरोपी को दबोचा

उड़ीसा से जगदलपुर ला रहा था 14.144 किलो गांजा, बोधघाट पुलिस ने स्कूटी समेत आरोपी को दबोचा
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

30 अगस्त 2026 जगदलपुर :- बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बस्तर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत बोधघाट थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14.144 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 7 हजार 200 रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांजे को बिक्री के उद्देश्य से स्कूटी के माध्यम से उड़ीसा की ओर से जगदलपुर ला रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा एक मोबाइल फोन, नीले रंग की स्कूटी और नकदी भी जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 7 लाख 42 हजार 200 रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की सुबह थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 30 से 35 वर्ष का एक व्यक्ति नीले रंग की स्कूटी क्रमांक CG 17 KX 3018 से उड़ीसा की ओर से नानगुर होते हुए अडावाल रेलवे फाटक के रास्ते जगदलपुर आ रहा है। उसके पास सफेद रंग की बोरी में गांजा रखा हुआ है, जिसे वह अवैध बिक्री के लिए परिवहन कर रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

अडावाल रेलवे फाटक के पास पकड़ा गया आरोपी

पुलिस टीम ने अडावाल रेलवे फाटक के पास MCP कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और वाहन से एक व्यक्ति स्कूटी पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम लखमू नाग, पिता झितरू नाग, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम कावापाल नाका पारा, थाना नानगुर, जिला बस्तर बताया।

पुलिस ने नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी पर रखी सफेद रंग की बोरी से 14.144 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की कीमत करीब ₹7,07,200 आंकी गई है।

आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)ii(B) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की गई।

ये सामान हुआ जब्त

14.144 किलो गांजा — कीमत ₹7,07,200

Vivo कंपनी का पुराना टच स्क्रीन मोबाइल

नीले रंग की स्कूटी क्रमांक CG 17 KX 3018

नकद ₹500

कुल जब्ती की कीमत करीब ₹7,42,200

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग एवं सुनील मनहर तथा आरक्षक बामन सेन, दीपक मिंज और परमानंद भोयर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।