नगरनार स्टील प्लांट हादसे पर BMS सख्त! मंगलसाय नेताम की मौत पर उठी जवाबदेही की मांग, परिवार को नौकरी-मुआवजा और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की मांग।

नगरनार स्टील प्लांट हादसे पर BMS सख्त! मंगलसाय नेताम की मौत पर उठी जवाबदेही की मांग, परिवार को नौकरी-मुआवजा और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की मांग।
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

17 नवम्बर 2026 जगदलपुर बस्तर :- नगरनार स्टील लिमिटेड (NSL) के स्टील मेल्टिंग शॉप (SMS) में 10 नवंबर 2026 को गर्म लोहे की चपेट में आने से ठेका श्रमिक मंगलसाय नेताम की दर्दनाक मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। हादसे को लेकर नगरनार इस्पात मजदूर संघ (BMS) ने गंभीर चिंता जताते हुए प्रबंधन के सामने श्रमिक सुरक्षा और मृतक परिवार के भविष्य का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है।

इस संबंध में BMS के प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी निदेशक (ED), NSL के नाम से DGM IR रामाकृष्णा को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

 श्रमिक सुरक्षा पर उठाए सवाल, प्रबंधन से पांच बड़ी मांगें

नगरनार इस्पात मजदूर संघ ने ज्ञापन के माध्यम से प्रबंधन के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी निर्धारित करना, प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाना शामिल है।

इसके अलावा संगठन ने दिवंगत श्रमिक मंगलसाय नेताम के परिवार को उचित एवं सम्मानजनक मुआवजा देने, उनके बच्चों की संपूर्ण शिक्षा-दीक्षा की जिम्मेदारी प्रबंधन द्वारा उठाने तथा परिवार के एक योग्य आश्रित सदस्य को नियमानुसार नौकरी प्रदान करने की मांग की है।

 औद्योगिक विकास से पहले श्रमिकों की सुरक्षा जरूरी

BMS ने प्रबंधन से मांग की है कि मृतक श्रमिक के परिवार की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लिया जाए। संगठन का कहना है कि औद्योगिक विकास तभी सार्थक है, जब प्लांट में काम करने वाले प्रत्येक श्रमिक का जीवन सुरक्षित हो।

मंगलसाय नेताम की मौत ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा इंतजामों और ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रबंधन इस ज्ञापन पर क्या निर्णय लेता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय एवं उचित सहायता मिल पाती है।

नगरनार इस्पात मजदूर संघ (BMS)

जिला बस्तर, छत्तीसगढ़