संगमपल्ली में शराब दुकान के खिलाफ फूटा जनआक्रोश, महिलाओं ने संभाला मोर्चा; विधायक विक्रम मंडावी भी धरने में शाम ल ग्रामीणों के कड़े विरोध के बाद आबकारी विभाग ने दिया शराब दुकान अन्य स्थान पर शिफ्ट करने का आश्वासन, आंदोलन फिलहाल स्थगित
06 अगस्त 2026 भोपालपट्टनम/बीजापुर :- भोपालपट्टनम विकासखंड के ग्राम संगमपल्ली में प्रस्तावित शासकीय शराब दुकान के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने प्रस्तावित शराब दुकान स्थल पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और गांव में शराब दुकान खोलने के फैसले का पुरजोर विरोध किया।
महिलाओं ने नई शराब दुकान की ताला भी तोड़ने की कोशिश की पुलिस कर्मी ने बहुत समझाने के बाद महिलाएं शांत हुई
जानकारी के अनुसार, जिस भवन में शासकीय शराब दुकान शुरू किए जाने की तैयारी चल रही थी, वहां पूजा-अर्चना का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से गांव में शराब दुकान खोलने के निर्णय को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
प्रदर्शन में क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि गांव की जनता की इच्छा के विरुद्ध किसी भी स्थिति में शराब दुकान नहीं खोली जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की।
ग्रामीणों और महिलाओं ने कहा कि गांव में शराब दुकान खुलने से युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ेगी, महिलाओं की सुरक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ेगा, घरेलू हिंसा और सामाजिक अपराधों में वृद्धि हो सकती है तथा गांव का शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव के विकास और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए शराब दुकान का विरोध आवश्यक है।
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग के अधिकारी चंद्रवंश यदू मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि ग्रामीणों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शराब दुकान को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
हालांकि ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में पुनः संगमपल्ली में शराब दुकान खोलने का प्रयास किया गया तो वे व्यापक जनआंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। गांव के लोगों ने कहा कि वे अपने गांव को नशामुक्त और सुरक्षित बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर तक संघर्ष करने को तैयार हैं।