बस्तर फाइटर भर्ती में 79 पदों पर युवाओं का फूटा आक्रोश! सैकड़ों अभ्यर्थियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर खोला मोर्चा, दिया ज्ञापन पद बढ़ाने की मांग
03 नवम्बर 2026 जगदलपुर :- बस्तर फाइटर भर्ती में बस्तर जिले के हिस्से में महज 79 पद आने से युवाओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। भर्ती में पदों की संख्या कम होने से नाराज सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मंगलवार को जगदलपुर स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की। युवाओं ने शासन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जिले के लिए निर्धारित पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि बस्तर जिले में बड़ी संख्या में युवा लंबे समय से बस्तर फाइटर भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। शारीरिक और लिखित परीक्षा की तैयारी में जुटे इन युवाओं के लिए केवल 79 पद निर्धारित करना निराशाजनक है। उनका मानना है कि इतनी कम सीटों के कारण जिले के अनेक प्रतिभाशाली और योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर से वंचित होना पड़ सकता है।
युवाओं ने अन्य जिलों में निर्धारित पदों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि जब दूसरे जिलों में अधिक पद दिए जा रहे हैं, तो बस्तर जिले के बेरोजगार युवाओं को पर्याप्त अवसर क्यों नहीं मिलना चाहिए?
पद बढ़ाने की मांग पर अड़े अभ्यर्थी
ज्ञापन के माध्यम से युवाओं ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि बस्तर जिले की बेरोजगारी, अभ्यर्थियों की संख्या और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बस्तर फाइटर भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए, ताकि वे अपने ही क्षेत्र में रहकर रोजगार प्राप्त कर सकें।
अब देखना होगा कि युवाओं की इस मांग पर शासन क्या निर्णय लेता है। फिलहाल 79 पदों को लेकर उठी यह आवाज बस्तर के बेरोजगार युवाओं की उम्मीदों और रोजगार के अवसरों से जुड़ा बड़ा सवाल बन गई है।