कोंडागांव में युवती के लापता होने पर बवाल! सर्व हिंदू समाज का थाना घेराव, 24 घंटे का अल्टीमेटम; युवती बोली मै 18 की हूं —अपनी मर्जी से आई हूं

कोंडागांव में युवती के लापता होने पर बवाल! सर्व हिंदू समाज का थाना घेराव, 24 घंटे का अल्टीमेटम; युवती बोली मै 18 की हूं —अपनी मर्जी से आई हूं
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

31 अक्टूबर 2026 कोंडागांव :- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक युवती के अचानक घर से लापता होने का मामला अब सामाजिक और प्रशासनिक चर्चा का विषय बन गया है। युवती की तलाश को लेकर सर्व हिंदू समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया।

जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर को युवती के घर से लापता होने के बाद परिजनों ने एक मुस्लिम युवक पर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया। इस घटना की खबर फैलते ही सर्व हिंदू समाज, बजरंग दल सहित विभिन्न संगठनों के लोग बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे और युवती की जल्द से जल्द सकुशल वापसी की मांग की।

इधर युवती का वीडियो आया सामने, अपनी मर्जी से जाने की बात कही

इस पूरे घटनाक्रम के बीच युवती का सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में युवती कथित तौर पर कह रही है कि उसकी उम्र 18 वर्ष हो चुकी है और वह अपनी मर्जी से घर से आई है। युवती के इस बयान के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

पुलिस ने तेज की तलाश, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती और संबंधित युवक की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। पुलिस मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

एफआईआर में युवती के परिजन ने जताई अपहरण की आशंका

मामले में युवती के भाई की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे युवती बिना बताए घर से कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत में बताया गया है कि युवती अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे अपने कब्जे में रखकर छिपाया हो सकता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। अब युवती के सोशल मीडिया वीडियो और परिजनों की शिकायत के बीच पुलिस जांच के निष्कर्ष पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

अब पुलिस जांच पर टिकी निगाहें

पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हैं।

अब इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल युवती की सुरक्षा, उसकी स्वतंत्र इच्छा और घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर है। यदि युवती बालिग है, तो कानून के अनुसार उसकी स्वतंत्र इच्छा का सम्मान भी आवश्यक है। पुलिस की जिम्मेदारी है कि युवती से सुरक्षित माहौल में संपर्क कर उसका बयान दर्ज करे और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच करे।

24 घंटे का अल्टीमेटम, नगर बंद की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से युवती की सुरक्षित बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन और कोंडागांव नगर बंद का आह्वान किया जा सकता है।

फिलहाल इस मामले में युवती के सोशल मीडिया वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और उसकी वास्तविक परिस्थितियों को लेकर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और युवती की सुरक्षा पर टिकी हुई है।