पुलिस पेट्रोलिंग वाहन पर 5 राउंड फायरिंग करने वाला कुख्यात अपराधी जगदलपुर में गिरफ्तार

पुलिस पेट्रोलिंग वाहन पर 5 राउंड फायरिंग करने वाला कुख्यात अपराधी जगदलपुर में गिरफ्तार
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

04 सितम्बर 2026 जगदलपुर :- ओडिशा के कोरापुट और नवरंगपुर जिले समेत आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और डकैती जैसे गंभीर अपराधों के मामलों में वांछित बताए जा रहे कुख्यात अपराधी को ओडिशा पुलिस ने जगदलपुर में गिरफ्तार किया है।

8 दिनों से ओडिशा पुलिस को दे रहा था चकमा, बोरीगुमा पुलिस ने नए बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर दबोचा; लोडेड देशी पिस्तौल बरामद आरोपी की पहचान टुना हरिजन पिता घासीराम हरिजन, निवासी कुसमी, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

25 अगस्त की रात पुलिस पेट्रोलिंग वाहन पर की थी फायरिंग

ओड़िसा बोरीगुमा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच ग्राम कामरा, थाना बोरीगुमा क्षेत्र में टुना हरिजन ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन पर कथित रूप से पांच राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद बोरीगुमा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा।

लगातार आठ दिनों तक फरार रहने के बाद आरोपी के जगदलपुर पहुंचने की सूचना ओडिशा पुलिस को मिली। इसके बाद बोरीगुमा पुलिस ने आरोपी का पीछा करते हुए जगदलपुर पहुंचकर नए बस स्टैंड के आसपास घेराबंदी की।

जगदलपुर के नए बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर पकड़ा

बताया जा रहा है कि बोरीगुमा पुलिस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी टुना हरिजन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोडेड देशी पिस्तौल बरामद होने की बात सामने आई है।

आरोपी के हथियार के साथ पकड़े जाने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। कुछ लोगों ने सादे कपड़ों में कार्रवाई कर रही ओडिशा पुलिस की टीम से लोगों ने परिचय पत्र और कार्रवाई को लेकर सवाल भी किए।

बोधघाट थाना पुलिस ने संभाला मामला

मौके पर बढ़ती भीड़ और स्थिति को देखते हुए किसी व्यक्ति द्वारा बोधघाट थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

बोधघाट पुलिस ने आरोपी के साथ मौजूद बोरीगुमा पुलिस के तीन कर्मियों को थाने ले जाकर मामले की जानकारी और दस्तावेजों की तस्दीक की। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी टुना हरिजन को बोरीगुमा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

50 से अधिक मामलों में वांछित होने का दावा

ओडिशा पुलिस के अनुसार, टुना हरिजन के खिलाफ नवरंगपुर और कोरापुट जिले के विभिन्न थानों के अलावा आंध्रप्रदेश व छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, डकैती चोरी समेत अन्य आपराधिक प्रकरण शामिल बताए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर और आपराधिक प्रवृत्ति का है तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के अनुसार, वह किसी व्यक्ति पर हमला करने अथवा पुलिस पर फायरिंग करने से भी पीछे नहीं हटता।

पिस्तौल बरामद होने से टली बड़ी घटना

जगदलपुर में गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से लोडेड देशी पिस्तौल बरामद होना सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भी गंभीर मामला माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, यदि घेराबंदी और गिरफ्तारी के दौरान जरा भी चूक होती तो आरोपी हथियार का इस्तेमाल कर सकता था और स्थिति गंभीर हो सकती थी।

ओडिशा पुलिस की कार्रवाई के बाद अब आरोपी से पूछताछ के माध्यम से उसके आपराधिक नेटवर्क, हथियार की उपलब्धता और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाए जाने की संभावना है।

फिलहाल आरोपी को बोरीगुमा पुलिस अपने साथ ले गई है और उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों तथा हाल ही में पुलिस पेट्रोलिंग वाहन पर हुई फायरिंग के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।