प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम! प्रेमिका के पिता पर नाबालिग ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, अस्पताल में मौत; आरोपी फरार, इलाके में तनाव और पथराव

प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम! प्रेमिका के पिता  पर नाबालिग ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, अस्पताल में मौत; आरोपी फरार, इलाके में तनाव और पथराव
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

22 नवम्बर 2026 जगदलपुर :- शहर के पनारा पारा इलाके में शनिवार को चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। कथित प्रेम प्रसंग और लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक नाबालिग युवक ने करीब 45 वर्षीय मन्नू कश्यप पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल निर्मित हो गया है।

 प्रेम प्रसंग को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद!

प्रारंभिक जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के कथित बयानों के अनुसार, आरोपी बताए जा रहे तुषार कश्यप (लगभग 16 वर्ष) और मृतक मन्नू कश्यप की बेटी के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इस संबंध को लेकर मन्नू कश्यप ने पहले भी कई बार आपत्ति जताई थी और युवक को समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी की घटनाएं होती रही थीं।

आरोपी के घर पहुंचने पर हुआ विवाद, फिर चाकू से हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना वाले दिन मन्नू कश्यप आरोपी के घर पहुंचे थे। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कथित तौर पर तुषार ने चाकू निकालकर मन्नू कश्यप के पेट पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मन्नू को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हत्या के बाद भड़का आक्रोश, आरोपी के घर पर पथराव

घटना में मन्नू कश्यप की मौत की खबर फैलते ही पनारा पारा में आक्रोश फैल गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने कथित आरोपी के घर का घेराव कर दिया। इस दौरान घर पर पथराव किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

 आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी

वारदात के बाद आरोपी तुषार कश्यप के मौके से फरार होने की जानकारी है। कोतवाली थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 16 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उम्र और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल इस पूरी वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग, पुराना विवाद और घटना के दिन हुए विवाद की वास्तविक भूमिका जांच का विषय है। पुलिस घटनास्थल के साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पनारा पारा में हुई इस वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था और युवाओं से जुड़े विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।