जगदलपुर में स्कूल को बदनाम करने की धमकी देकर 14.40 लाख रुपये वसूली का आरोप! पूर्व शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज
25 नवम्बर 2026 जगदलपुर :- शहर के सेंट जेवियर स्कूल से जुड़े एक कथित जबरन वसूली मामले में कोतवाली पुलिस ने पूर्व शिक्षक अमित शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में स्कूल प्रबंधन को बदनाम करने और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। FIR क्रमांक 0431 के अनुसार, मामला 13 अक्टूबर 2026 को शाम 6:39 बजे दर्ज किया गया।
15 लाख रुपये की मांग, 14.40 लाख रुपये भुगतान का दावा
शिकायतकर्ता दिव्या पटनायक के मुताबिक, अमित शर्मा पूर्व में सेंट जेवियर स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि वेतन, बकाया राशि और अन्य भुगतान का हवाला देते हुए करीब 15 लाख रुपये की मांग की गई। शिकायत में दावा किया गया है कि रकम नहीं देने पर स्कूल को बदनाम करने और उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कथित दबाव के चलते अलग-अलग किस्तों में कुल 14,40,979 रुपये का भुगतान करना पड़ा।
व्हाट्सएप चैट और बैंक ट्रांजेक्शन को बनाया आधार
शिकायत में कथित धमकी से जुड़े व्हाट्सएप संदेश, मोबाइल स्क्रीनशॉट और भुगतान संबंधी रिकॉर्ड का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, अलग-अलग तारीखों पर 3,90,979 रुपये, 2.50 लाख रुपये, 5 लाख रुपये और 3 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इन रकमों का कुल योग 14,40,979 रुपये बताया गया है।
कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच
FIR के मुताबिक, कथित घटनाक्रम 22 मई से 2 जुलाई 2026 के बीच का बताया गया है, जबकि शिकायत 13 अक्टूबर को दर्ज कराई गई। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक सतीश यादव को सौंपी गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संबंधित पूर्व शिक्षक वर्तमान में स्वामी आत्मानंद स्कूल, विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव में कार्यरत बताए जा रहे हैं।
जांच में सामने आएंगे आरोपों के तथ्य
स्कूल की प्रतिष्ठा, पूर्व कर्मचारी और कथित आर्थिक दबाव से जुड़ा यह मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है। विवेचना के दौरान व्हाट्सएप संवाद, बैंक भुगतान रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच अहम मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।