बाढ़ पीड़ितों के मुआवजे को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल! लालबाग-आमागुड़ा चौक पर चक्काजाम, हाईवे पर धरने पर बैठे कांग्रेसी; भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
04 नवंबर 2026 जगदलपुर :- बस्तर जिले में बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों को अब तक उचित मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण ने बुधवार को भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लालबाग-आमागुड़ा चौक पर चक्काजाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरना-प्रदर्शन अभी भी हाईवे पर जारी है, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है।

कांग्रेस का आरोप है कि बस्तर में आई बाढ़ से बड़ी संख्या में परिवारों और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कई किसानों की फसलें बर्बाद हुईं, वहीं प्रभावित परिवारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से अब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया गया है।
कांग्रेस कमेटी के अनुसार, बाढ़ प्रभावितों को न्याय दिलाने और उचित मुआवजे की मांग को लेकर पहले कलेक्ट्रेट मार्च निकालकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद सरकार और प्रशासन को दस दिनों का अल्टीमेटम भी दिया गया था। लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जब प्रभावित परिवारों और किसानों को मुआवजा नहीं मिला, तो कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर आंदोलन करने का निर्णय लिया।
इस चक्काजाम में कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक पात्र परिवार और किसान को नुकसान का उचित आकलन कर तत्काल मुआवजा दिया जाए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि किसानों और गरीब परिवारों की परेशानी को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। केवल आश्वासन देने से प्रभावितों की समस्याएं दूर नहीं होंगी। जब तक पीड़ितों को उनका हक और उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक उनकी आवाज उठाई जाती रहेगी।
हाईवे पर जारी चक्काजाम से बढ़ी परेशानी

लालबाग-आमागुड़ा चौक पर कांग्रेस के चक्काजाम के चलते हाईवे पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क पर जारी धरना-प्रदर्शन के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि कांग्रेस के इस आंदोलन के बाद जिला प्रशासन और भाजपा सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों तथा किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए क्या कदम उठाती है।
बस्तर के बाढ़ पीड़ितों को न्याय और मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस का यह आंदोलन अब सड़क से सियासत तक चर्चा का विषय बन गया है।