बस्तर में सनसनीखेज वारदात! पिस्टल और चाकू की नोक पर सराफा कारोबारी से 2 करोड़ से ज्यादा के जेवर लूटे, जंगल में घात लगाकर बैठे बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
बस्तर विशेष संवाददाता
11 नवम्बर 2026 बीजापुर :- बस्तर संभाग में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-63 पर हथियारबंद बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। लूटे गए जेवरों की कुल कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, गीदम निवासी सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी भैरमगढ़ में अपनी दुकान बंद करने के बाद अपने साथी और ड्राइवर के साथ वाहन से गीदम लौट रहे थे। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र के जंगल के पास दो अज्ञात बदमाशों ने लिफ्ट मांगने के बहाने उनकी गाड़ी रुकवाई। कारोबारी ने उन्हें वाहन में बैठा लिया, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही दूरी पर उनके साथ इतनी बड़ी वारदात होने वाली है।
पिस्टल और चाकू दिखाकर बनाया बंधक
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार होने के कुछ समय बाद ही दोनों आरोपियों ने अपना असली चेहरा दिखाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने पिस्टल और चाकू निकालकर कारोबारी स्वरूप सोनी तथा उनके साथी को जान से मारने की धमकी दी। हथियारों के दम पर दोनों को भयभीत कर गहनों से भरा बैग अपने कब्जे में ले लिया और मौके से फरार हो गए।
बैग में भरे थे करोड़ों के सोने-चांदी के जेवर
लूट की इस वारदात में भारी मात्रा में कीमती आभूषण जाने की जानकारी सामने आई है।
लूटे गए आभूषणों का अनुमानित विवरण:
- सोना: करीब 1300 ग्राम, अनुमानित कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक।
चांदी: 15 किलोग्राम से अधिक, अनुमानित कीमत 25 से 28 लाख रुपये।
इस तरह लूटे गए आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मोबाइल फोन फेंककर फरार हुए आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने कारोबारी और उनके साथी के मोबाइल फोन भी कुछ दूरी पर फेंक दिए और फिर जंगल के रास्ते फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नेलसनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस की जांच तेज, आरोपियों की तलाश जारी
करोड़ों रुपये की इस लूट ने बस्तर संभाग के व्यापारिक जगत में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। घटना से जुड़े संभावित साक्ष्यों, स्थानीय जानकारी और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बस्तर में फिर लौटने लगा ज्वेलरी लूट और डकैती का दौर! राजकमल ज्वेलर्स से लेकर जगदलपुर की दुकानों और अब बीजापुर तक वारदातों ने बढ़ाई चिंता, व्यापारियों की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
बस्तर संभाग में लंबे अरसे बाद एक बार फिर सराफा कारोबारियों और ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाने वाली वारदातें सामने आने लगी हैं। कभी शांत माने जाने वाले बस्तर में सोने-चांदी के कारोबारियों के बीच अब सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। बीते वर्षों में जगदलपुर के प्रतिष्ठित राजकमल ज्वेलरी शॉप में हुई करोड़ों रुपये की डकैती आज भी लोगों को याद है। उस वारदात को झारखंड के डकैतों ने अंजाम दिया था और बड़ी मात्रा में कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।
अब एक बार फिर जगदलपुर में ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं और महिला चोर गिरोह की सक्रियता के बीच बीजापुर जिले के नेलसनार थाना क्षेत्र में सराफा कारोबारी से पिस्टल और चाकू की नोक पर 2 करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण लूटने की घटना ने पूरे संभाग को हिला दिया है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो रहे हैं? क्या सराफा कारोबारियों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था है? हाईवे पर कीमती जेवरात लेकर आने-जाने वाले व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या विशेष इंतजाम किए गए हैं?
हालांकि बस्तर पुलिस का दावा है कि इन वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। लेकिन व्यापारिक समुदाय के लिए केवल आश्वासन पर्याप्त नहीं है। उन्हें ऐसी ठोस पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
अब बस्तर के व्यापारियों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल सिर्फ करोड़ों की लूट का नहीं, बल्कि संभाग में कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा पर भरोसा कायम रखने का भी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नेशनल हाईवे-63 जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर इस तरह हथियारों के बल पर करोड़ों रुपये की लूट होना सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। खासकर सराफा कारोबारियों और कीमती सामान लेकर लंबी दूरी तय करने वाले व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आरोपियों ने पहले से कारोबारी की रेकी की थी या फिर लिफ्ट मांगने का बहाना बनाकर अचानक इस वारदात को अंजाम दिया? पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और लूट की साजिश से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
TIMES OF BASTAR अपराध और जनसरोकार की खबरों पर हमारी नजर।....