दलपत सागर की नई चौपाटी में बढ़ती अराजकता पर कांग्रेस का हल्लाबोल! पुलिस चौकी खोलने SP के नाम सौंपा ज्ञापन, रानी गदिया में 112 की नियमित तैनाती की मांग

दलपत सागर की नई चौपाटी में बढ़ती अराजकता पर कांग्रेस का हल्लाबोल! पुलिस चौकी खोलने SP के नाम सौंपा ज्ञापन, रानी गदिया में 112 की नियमित तैनाती की मांग
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

10 नवंबर 2026 जगदलपुर :- जगदलपुर शहर के प्रसिद्ध दलपत सागर के समीप निगम द्वारा विकसित नवीन चौपाटी में कथित तौर पर बढ़ती अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों को लेकर अब कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। चौपाटी और रानी गदिया के आसपास लगातार बढ़ रही भीड़, हुड़दंग, बाइक-कार से स्टंट, नशाखोरी और आपसी विवादों पर चिंता जताते हुए बस्तर जिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने नवीन चौपाटी के समीप पुलिस चौकी खोलने तथा रानी गदिया के पास पुलिस की डायल-112 गाड़ी नियमित रूप से तैनात करने की मांग की है।

परिवार के साथ चौपाटी पहुंचने वाले नागरिकों की सुरक्षा पर उठाए सवाल

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि नगर निगम जगदलपुर द्वारा दलपत सागर के मुख्य द्वार के सामने संचालित चौपाटी को विस्थापित कर रानी गदिया के सामने नवीन स्थान पर स्थापित किया गया है। यहां विभिन्न प्रकार के खान-पान की दुकानें और गुमटियां संचालित हो रही हैं। शाम के समय शहर के अनेक परिवार, युवा और गणमान्य नागरिक यहां पहुंचकर खान-पान का आनंद लेते हैं।

लेकिन कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि चौपाटी के आसपास कुछ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगातार बढ़ रहा है। इससे आम नागरिकों, विशेषकर परिवार के साथ आने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।

बाइक-कार स्टंट, पटाखेबाजी और नशाखोरी को लेकर जताई चिंता

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि चौपाटी के आसपास कुछ युवक तेज रफ्तार बाइक और कार से स्टंट करते हैं। सड़क पर समूह बनाकर जन्मदिन मनाना, पटाखे फोड़ना, छोटी-छोटी बातों पर विवाद और राहगीरों को परेशान करने जैसी गतिविधियां भी सामने आ रही हैं।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ युवक-युवतियों द्वारा खुलेआम नशाखोरी की जाती है। इन गतिविधियों से चौपाटी का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हो रहा है। नेताओं ने आशंका जताई कि समय रहते पुलिस प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए तो भविष्य में कोई गंभीर अप्रिय घटना घट सकती है।

पुलिस चौकी और डायल-112 की नियमित तैनाती की मांग

कांग्रेस ने पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपे गए ज्ञापन में दो प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, नवीन चौपाटी के समीप स्थायी पुलिस चौकी स्थापित की जाए, ताकि क्षेत्र में नियमित निगरानी और तत्काल कार्रवाई संभव हो सके। दूसरी, रानी गदिया के पास डायल-112 वाहन को नियमित रूप से तैनात किया जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके।

नेताओं ने क्या कहा?

जावेद खान, प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस: उन्होंने कहा कि दलपत सागर की नवीन चौपाटी शहर के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है। यहां परिवारों की आवाजाही रहती है। ऐसे स्थान पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से पुलिस चौकी खोलने की मांग की गई है।

विशाल खंभारी, जिला अध्यक्ष एनएसयूआई: उन्होंने कहा कि चौपाटी के आसपास लगातार बढ़ रही अव्यवस्था और हुड़दंग पर पुलिस को तत्काल लगाम लगानी चाहिए। आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।

शेख जाहिद: उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए रानी गदिया के पास डायल-112 वाहन की नियमित तैनाती जरूरी है। पुलिस की मौजूदगी से असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे मौजूद

इस दौरान स्थानीय पार्षद जाहिद हुसैन, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता जावेद खान, पूर्व युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय बिसाई, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष विशाल खंभारी, छात्र नेता नितेश एवं मोहम्मद नसीम उपस्थित रहे।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दलपत सागर की नवीन चौपाटी और रानी गदिया क्षेत्र में नियमित पुलिस निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित और निर्भीक वातावरण मिल सके।

अब देखना होगा कि कांग्रेस की इस मांग पर पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है और दलपत सागर की नवीन चौपाटी को आम नागरिकों के लिए सुरक्षित बनाने की दिशा में कब ठोस कार्रवाई होती है।