बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाही बस का इंतजार कर रहे राजस्थान के दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 32.813 किलो गांजा बरामद, ₹16.40 लाख की नशे की खेप जब्त..
07 नवंबर 2026 जगदलपुर :- बस्तर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बोधघाट पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी जगदलपुर के नए बस स्टैंड के पीछे ट्रॉली बैग में गांजा भरकर राजस्थान की ओर ले जाने की तैयारी में बस का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से 32.813 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख 40 हजार 650 रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 06 नवंबर की शाम थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड जगदलपुर के पीछे दो युवक लाल और आसमानी रंग के ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। बैग में गांजा रखकर वे जगदलपुर से रायपुर की ओर जाने वाली बस का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उन्हें पकड़ लिया।
ट्रॉली बैग से निकले गांजे के 7 पैकेट
पूछताछ में आरोपियों की पहचान पालेन्द्र चौधरी (20 वर्ष), निवासी ग्राम नेबोई, थाना खोह, जिला डिंग, राजस्थान तथा धर्मेंद्र कुमार (18 वर्ष), निवासी ग्राम हाथलपुर, थाना खोह, जिला डिंग, राजस्थान के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उनके संयुक्त कब्जे में रखे लाल एवं आसमानी रंग के ट्रॉली बैग से गांजे के कुल 7 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 32.813 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य 16,40,650 रुपये बताया गया है।
पुलिस ने गांजे के अलावा दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये है, तथा 2,100 रुपये नगद भी जब्त किए हैं।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायालय में पेश
पुलिस के अनुसार, गांजे के परिवहन एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(b)(ii)(C) NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। दोनों को 07 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए माननीय विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, पीएसआई अफसाना, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग एवं सुनील मनहर सहित आरक्षक विजय तिर्की, राजेश कश्यप, युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर, कामदेव दर्रो, रामचंद साहू एवं अजीत सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बस्तर पुलिस का नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान जारी है। लगातार हो रही कार्रवाई से गांजा तस्करी में संलिप्त लोगों पर पुलिस शिकंजा कस रही है।