बस्तर में गांजा तस्करों पर पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार! 476 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग भी शामिल; 2.38 करोड़ का माल जब्त

बस्तर में गांजा तस्करों पर पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार! 476 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग भी शामिल; 2.38 करोड़ का माल जब्त
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

 05 नवंबर 2026 जगदलपुर :- बस्तर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बोधघाट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाए जा रहे 476 किलो 500 ग्राम गांजे के साथ तीन नाबालिग सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस की कार्रवाई में गांजा तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा पिकअप वाहन क्रमांक CG-17-KL-0411 और एक लाल रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक OD-30-B-6256 भी जब्त की गई है। इसके अलावा छह पुराने मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल, 15 बोरियों में छिपा था गांजा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति सफेद रंग के पिकअप वाहन में ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को वाहन में छिपाकर परिवहन कर रहे थे।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के दिशा-निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुबोध कुमार सिंह राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक आशिका जैन एवं उप पुलिस अधीक्षक चन्द्रहास सिन्हा के मार्गदर्शन में बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने ग्राम आड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान लाल रंग की मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन को रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली गई। जांच के दौरान पिकअप में छिपाकर रखी गई 15 बोरियों से कुल 450 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 476 किलो 500 ग्राम निकला।

2 करोड़ 38 लाख से अधिक का गांजा जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये कीमत का गांजा बरामद किया। इसके साथ ही पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, छह पुराने मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद जब्त किए गए।

इस मामले में तीन नाबालिग सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

एसपी शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में नशे के खिलाफ अभियान

बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में नशे के सौदागरों और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

बोधघाट पुलिस की इस कार्रवाई को ओडिशा से गांजे की तस्करी कर दूसरे राज्यों तक पहुंचाने वाले नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका: थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, पीएसआई अफसाना, आरक्षक एवं थाना स्टाफ की टीम शामिल रही।