ज्वेलरी दुकान में महिला गैंग की सेंधमारी! पलक झपकते गायब किया सोने के गहनों का डिब्बा, CCTV में खुला चोरी का राज. देखें सीसीटीवी फुटेज...
08 नवम्बर 2026 जगदलपुर :- दीपावली के त्योहार पर बाजारों में उमड़ रही भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं। ताजा मामला जगदलपुर के पैलेस रोड स्थित संजय मार्केट का है, जहां मोती ज्वैलर्स में 4 से 5 महिलाओं के एक समूह ने बेहद शातिर तरीके से सोने के आभूषणों से भरे डिब्बे पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद सराफा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
भीड़ का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, दीपावली के त्योहार को देखते हुए संजय मार्केट सहित शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिलाओं का यह समूह मोती ज्वैलर्स पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में करीब 4 से 5 महिलाएं दिखाई दे रही हैं। इनमें दो नाबालिग लड़कियां भी नजर आने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि महिलाओं ने दुकान में खरीदारी के बहाने ऐसा माहौल बनाया कि कर्मचारियों का ध्यान दूसरी ओर चला गया। इसी दौरान गिरोह की एक महिला ने बेहद चालाकी से सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा उठा लिया और पीछे खड़ी अपनी एक साथी लड़की को थमा दिया। इसके बाद लड़की डिब्बा लेकर दुकान से बाहर निकल गई। गिरोह की अन्य महिलाएं भी धीरे-धीरे वहां से निकल गईं।
CCTV में कैद हुई चोरी की पूरी करतूत
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी का तरीका साफ दिखाई देने की बात सामने आई है। फुटेज में एक महिला आभूषणों का डिब्बा उठाकर पीछे खड़ी लड़की को देती नजर आ रही है। इसके बाद लड़की दुकान से बाहर निकल जाती है। महिलाओं ने इतनी सफाई से इस वारदात को अंजाम दिया कि दुकान के कर्मचारियों को तत्काल इसकी भनक तक नहीं लगी।
चोरी की रकम करोड़ों में होने की आशंका!
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोती ज्वैलर्स से चोरी हुए डिब्बे में करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषण होने की बात सामने आ रही है। इस अनुमान के आधार पर चोरी गए सोने की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक रूप से कितने ग्राम सोने के आभूषण गायब हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दुकान में आभूषणों के स्टॉक का मिलान और जांच जारी है। यदि 1200 ग्राम सोने की चोरी की पुष्टि होती है, तो यह जगदलपुर की बड़ी ज्वेलरी चोरी की घटनाओं में शामिल हो सकती है।
सराफा बाजार में मचा हड़कंप, पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
घटना की जानकारी सामने आने के बाद सराफा बाजार के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान ज्वेलरी दुकानों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे समय में इस तरह के गिरोह सक्रिय होकर दुकानदारों को निशाना बना सकते हैं।
पुलिस द्वारा उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही बाजार और आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि महिलाओं के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।
त्योहार में व्यापारियों को सतर्क रहने की जरूरत
दीपावली के सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच ज्वेलरी दुकानदारों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले गिरोह दुकानों को निशाना बना सकते हैं। मोती ज्वैलर्स में हुई यह घटना व्यापारियों के लिए भी सतर्क रहने का संकेत है।
अब बड़ा सवाल यह है कि सीसीटीवी में कैद हुई इन महिलाओं की पहचान कब होगी और सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा कब बरामद होगा? पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।