पंडरीपानी के ब्लैक स्पॉट पर भीषण सड़क हादसा, टो वाहन ने 7 वाहनों को मारी टक्कर 8 से 10 लोग घायल, दो की हालत गंभीर होने की सूचना — अंधे मोड़ को लेकर फिर उठे सवाल

पंडरीपानी के ब्लैक स्पॉट पर भीषण सड़क हादसा, टो वाहन ने 7 वाहनों को मारी टक्कर 8 से 10 लोग घायल, दो की हालत गंभीर होने की सूचना — अंधे मोड़ को लेकर फिर उठे सवाल
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

08 अक्टूबर 2026 जगदलपुर, छत्तीसगढ़ :- पंडरीपानी स्थित टाटा शोरूम के पास गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। तेज रफ्तार टो वाहन ने अनियंत्रित होकर एक ऑटो, पांच बाइक और एक कार समेत कुल सात वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार महिलाओं समेत करीब 8 से 10 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर चिपक गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को वाहनों से बाहर निकालने का प्रयास किया और घटना की सूचना पुलिस को दी। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने टो वाहन चालक के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

अंधे मोड़ ने फिर खड़े किए सुरक्षा पर सवाल

पंडरीपानी स्थित टाटा शोरूम के पास NH-30 पर बना यह मोड़ लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र यानी ब्लैक स्पॉट के रूप में स्थानीय लोगों के बीच चिंता का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोड़ बेहद खतरनाक और अंधा है। दोनों दिशाओं से आने वाले वाहन मोड़ की वजह से एक-दूसरे को समय रहते देख नहीं पाते, जिसके कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

इस मार्ग की व्यस्तता को देखते हुए खतरा और भी बढ़ जाता है। इसी रास्ते पर कॉन्टिनेंटल अस्पताल और डिमरापाल मेडिकल कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क पर मौजूद खतरनाक मोड़ वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल और दोपहिया वाहन सवारों के लिए भी गंभीर जोखिम बना हुआ है।

कई बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पंडरीपानी के इस अंधे मोड़ को सीधा करने अथवा यहां सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग को लेकर कई बार शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है। लोगों ने मोड़ को सुरक्षित बनाने, पर्याप्त संकेतक लगाने, गति नियंत्रण के इंतजाम करने और दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार की मांग की है।

इसके बावजूद अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों का कहना है कि हर दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए चर्चा और कार्रवाई होती है, लेकिन सड़क की मूल समस्या जस की तस बनी रहती है।

हादसे के बाद फिर उठी स्थायी समाधान की मांग

आज हुए हादसे के बाद एक बार फिर पंडरीपानी के इस ब्लैक स्पॉट को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभाग से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ का तकनीकी सर्वे कराकर जल्द से जल्द स्थायी सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया है। हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की जानकारी है। दुर्घटना के कारणों और टो वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।