दो करोड़ की सनसनीखेज लूट निकली सफेद झूठ! कर्ज में डूबे सराफा कारोबारी ने खुद रची लूट की फर्जी कहानी, पुलिस ने 16 घंटे की नाकेबंदी और 100 CCTV खंगालकर खोला बड़ा राज

दो करोड़ की सनसनीखेज लूट निकली सफेद झूठ! कर्ज में डूबे सराफा कारोबारी ने खुद रची लूट की फर्जी कहानी, पुलिस ने 16 घंटे की नाकेबंदी और 100 CCTV खंगालकर खोला बड़ा राज
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

11 नवम्बर 2026 बीजापुर :- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नेशनल हाईवे-63 पर करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी की हुई कथित लूट की सनसनीखेज वारदात ने पुलिस महकमे को घंटों तक अलर्ट रखा, लेकिन जांच में पूरा मामला ही मनगढ़ंत निकला। जिस लूट की खबर से बस्तर संभाग में हड़कंप मच गया था, उसकी सच्चाई सामने आने के बाद हर कोई हैरान है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी ने भारी कर्ज और देनदारों के दबाव से बचने के लिए खुद ही लूट की झूठी कहानी रची थी।

दो करोड़ की लूट की शिकायत से मचा था हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 की शाम गीदम निवासी सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि भैरमगढ़ से लौटते समय पांडे मुर्गा चौक के पास हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल और चाकू की नोक पर उनका रास्ता रोक लिया। आरोप था कि बदमाश करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गए।

शिकायत सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।

16 घंटे की नाकेबंदी, 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करीब 16 घंटे तक इलाके में सघन नाकेबंदी की। घटनास्थल से लेकर आसपास के मार्गों तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों और घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की गई।

इसी दौरान कारोबारी और उसके साथ मौजूद लोगों के बयानों में कई विरोधाभास सामने आए। पुलिस को कथित लूट की कहानी पर संदेह हुआ और जांच की दिशा बदल गई।

कर्ज के बोझ ने बनाया फर्जी लूट का प्लान!

पुलिस की सख्ती से पूछताछ में कथित साजिश की परतें खुलने लगीं। जांच में सामने आया कि कारोबारी स्वरूप सोनी भारी कर्ज के दबाव में था। देनदारों के लगातार दबाव से बचने के लिए उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हाईवे पर लूट की झूठी कहानी तैयार की थी।

जिस वारदात को हथियारबंद बदमाशों की बड़ी लूट बताया जा रहा था, वह कथित तौर पर कारोबारी की ही रची हुई साजिश निकली।

 पुलिस की मुस्तैदी ने खोली झूठ की पूरी पोल

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि गंभीर अपराध की सूचना मिलने पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आधुनिक तकनीकी जांच कितनी महत्वपूर्ण है। 16 घंटे की नाकेबंदी, 100 से अधिक CCTV कैमरों की जांच और तकनीकी साक्ष्यों ने दो करोड़ की कथित लूट की कहानी का पर्दाफाश कर दिया।

अब सवाल यह है कि दो करोड़ की लूट की झूठी कहानी रचकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है?