बिलासपुर में सोशल मीडिया पोस्ट पर बवाल: पथराव में TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल, शहर में भारी पुलिस बल तैनात
29 अगस्त 2026 बिलासपुर :- सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच शुरू हुआ निजी विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। नारेबाजी और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। हालात बिगड़ने पर पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा विवाद, पथराव तक पहुंची बात
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत कथित सोशल मीडिया पोस्ट और पुराने विवाद को लेकर हुई। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों ओर से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे।
उपद्रव के दौरान कोतवाली थाने सहित आसपास के कुछ घरों और दुकानों में भी तोड़फोड़ किए जाने की सूचना है। अचानक बिगड़े हालात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस पर भी हुआ पथराव, कई जवान घायल
स्थिति नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने पथराव किया। इसमें तारबाहर थाना प्रभारी सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हुए हैं। पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंगेली और जांजगीर से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। करीब 300 से 400 जवानों की तैनाती के साथ संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
देर रात तक मौके पर डटे रहे कलेक्टर और एसएसपी
हालात पर नजर रखने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह देर रात तक पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और गलियों में लगातार गश्त की जा रही है।
एसएसपी रजनेश सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुराने विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति को पत्थर मार दिया था। इसके बाद दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने अपने लोगों को बुलाया और विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भीड़ को खदेड़ा।
आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि घटना में जो भी आरोपी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
घटना में दोनों पक्षों के कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घायल पुलिसकर्मियों का भी इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस की लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
बिलासपुर पुलिस ने दोनों पक्षों के शांतिप्रिय और जिम्मेदार लोगों से अपील की है कि वे अपने-अपने समुदाय के लोगों को समझाएं और किसी भी अफवाह या असामाजिक तत्व के बहकावे में न आएं। पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने भी कहा कि शुरुआत में मामला निजी विवाद का था, लेकिन पुराने विवाद के चलते इसका स्वरूप गंभीर हो गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन की प्राथमिकता शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।