छत्तीसगढ़ में हो सकता है साय मंत्रिमंडल का विस्तार, बैठक आज

09 अप्रैल 2025 रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री साय ने मंगलवार को रायपुर में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार कभी भी हो सकता है। सीएम के इस बयान के बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
संभावना जताई जा रही है कि 10 अप्रैल तक मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। वहीं, कांग्रेस ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चुटकी ली है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने इसे बीरबल की खिचड़ी करार दिया है। इस पर भाजपा ने भी पलटवार करते हुए कहा है कि भगत का कोई वजूद नहीं है।
बता दें कि मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच नौ अप्रैल को भाजपा की कई महत्वपूर्ण बैठकें रायपुर स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित की जाएंगी। भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन और राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश सुबह से ही संगठन के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
इसमें निगम-मंडल, आयोगों के अध्यक्ष और उपाध्यक्षों के साथ-साथ नगरीय निकायों के महापौर और सभापति भी शामिल रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन और सरकार के समन्वय को मजबूत करना और संभावित मंत्रियों के नामों पर अंतिम चर्चा करना है।
अमर अग्रवाल और गजेंद्र यादव का मंत्री बनना लगभग तय
सूत्रों की मानें तो साय सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में बिलासपुर से पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल और दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव का मंत्री बनना लगभग तय है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हालिया दौरे के बाद इन नामों पर मुहर लगी है।
अमर अग्रवाल पूर्व में वित्त और नगरीय प्रशासन मंत्री रह चुके हैं, वहीं गजेंद्र यादव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े वरिष्ठ नेता बिसराराम यादव के बेटे हैं। भाजपा की रणनीति यादव समाज को साधने की है, ताकि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में यादव वोटरों को अपने पक्ष में किया जा सके।