आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस पार्षदों का विरोध, निगम के बाहर धरने पर बैठे, बोले- शहर में समस्याओं का अंबार, समाधान करवाने आयुक्त हमारी सुनते नहीं

आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस पार्षदों का विरोध, निगम के बाहर धरने पर बैठे, बोले- शहर में समस्याओं का अंबार, समाधान करवाने आयुक्त हमारी सुनते नहीं
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

05 जनवरी 2024 जगदलपुर :- छत्तीसगढ़ में जगदलपुर नगर निगम के कांग्रेस पार्षदों ने निगम आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नगर निगम आयुक्त पर अफसरशाही करने और पार्षदों की बात न सुनने का आरोप लगाया गया है। इसी के विरोध में नगर निगम की महापौर सफिरा साहू समेत कांग्रेसी पार्षद नगर निगम के बाहर सड़क पर बैठ गए हैं। आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की जा रही है। 

नगर निगम की महापौर सफिरा साहू ने कहा कि, आयुक्त हरेश मंडावी से सारे कांग्रेस पार्षद परेशान हो गए हैं। प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से अफसरशाही ज्यादा देखने को मिल रही है। नगर निगम आयुक्त हमारी नहीं सुनते हैं। शहर के बालाजी वार्ड में गंदगी पसरी हुई है। सफाई कर्मचारियों को बढ़ाने की मांग की जाती है तो इसके लिए आयुक्त मना कर देते हैं।

गंदगी की वजह से लोग पार्षदों को कहते हैं, लेकिन जब हम इस समस्या का समाधान करने निगम के आयुक्त को कहते हैं तो वे हमारी नहीं सुनते हैं। सफीरा साहू ने कहा कि, हाल ही के कुछ दिन पहले सड़कों के किनारे अस्थाई रूप से दुकान लगाने वाले दुकानदारों को हटा दिया गया था। लेकिन उन्हें व्यवस्थापन की कोई दूसरी जगह नहीं दी गई। वे बेरोजगार हो गए हैं। 

इनमें से कई गरीब तबके के लोग भी हैं, जिनके सामने अब रोजी-रोटी की भी परेशानी आ गई है। उन्हें दूसरी जगह देने के लिए भी हमने कई दफा मांग की फिर भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस पार्षदों ने निगम आयुक्त को हटाने की मांग की है। 

जिला कांग्रेस ने भी दिया समर्थन

ग्रेस पार्षदों के इस विरोध को बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने भी समर्थन दिया है। शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य समेत अन्य कार्यकर्ता भी सड़क पर उतर गए हैं। आयुक्त के खिलाफ जमकर हल्ला बोल किया जा रहा है। 

आयुक्त ने नहीं उठाया फोन

इस संबंध में जब हमने नगर निगम के आयुक्त हरेश मंडावी का पक्ष लेने उन्हें फोन किया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।