लिगेसी वेस्ट मैनेजमेंट डंपिंग यार्ड में भाजपाइयों का हल्लाबोल: नगर निगम महापौर के खिलाफ खोला मोर्चा, नेता प्रतिपक्ष बोले- यहां भारी भ्रष्टाचार हुआ

लिगेसी वेस्ट मैनेजमेंट डंपिंग यार्ड में भाजपाइयों का हल्लाबोल: नगर निगम महापौर के खिलाफ खोला मोर्चा, नेता प्रतिपक्ष बोले- यहां भारी भ्रष्टाचार हुआ
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

05 जनवरी 2024 जगदलपुर :- जगदलपुर में नगर निगम का भाजपा पार्षद दल आज लिगेसी वेस्ट मैनेजमेंट डंपिंग यार्ड पहुंचा। यहां नगर निगम की महापौर सफीरा साहू के खिलाफ जमकर हल्लाबोल किया गया। भाजपा पार्षद दल का आरोप है कि, लिगेसी वेस्ट मैनेजमेंट डंपिंग यार्ड में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। गाइडलाइन के मुताबिक न तो मिट्टी फिलिंग की गई है और न ही प्लांटेशन का कार्य हुआ है। जितना काम हुआ है उसमें भी भारी अनियमितता है।

दरअसल, गीदम रोड स्थित डंपिंग यार्ड में शहर का कचरा डंप किया जाता था। नए नियम और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की गाइडलाइन अनुसार इन कचरों को नष्ट किया जाना था। इसी कारण निगम ने टेंडर कर लगभग 2.15 लाख का कार्यादेश जारी किया। संबंधित ठेकेदार को एकत्रित कचरे बायो डिग्रीडेबल और नानडिग्रीडेबल कचरे को अलग करके वहां से हटाना था। उस उक्त स्थल में मिट्टी फिलिंग कर वहां पार्क बनाकर कई कार्य किए जाने थे।

महापौर पर लगा भ्रष्टाचार का आरोप

नेता प्रतिपक्ष संजय पांडेय ने कहा है कि, शुरू से ही यह पूरी प्रक्रिया भ्रष्टाचार में है। निगम ने दो साल पहले ही इसका टेंडर किया था। भिलाई कि किसी संस्था ने इस टेंडर को लिया था, लेकिन उसे कार्य नहीं करने दिया गया। बाद में इसका टेंडर दोबारा निकाला गया। फिर कम दर वाले ट्रेडरों को निरस्त करते हुए अपने चहेते ठेकेदार को कार्य आदेश जारी किया गया। अब जब भाजपा पार्षददल वहां पहुंचा तो वहां केवल आधा काम ही किया हुआ मिला।

मात्र दो इंच मिट्टी फिलिंग की गई है। प्लांटेशन या पार्क कहीं पर भी नहीं बनाया गया है। संजय पांडेय ने कहा है कि निगम आयुक्त और कलेक्टर से जांच की मांग करेंगे।

मंडल अध्यक्ष बोले- नियमों का नहीं किया गया पालन

भाजपा के मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि NGT के नियमों की भी परवाह नहीं की गई है। निगम के कांग्रेस नेता पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। 4 साल सिर्फ भ्रष्टाचार के अलावा जनता के हित में कोई भी कार्य इन्होंने नहीं किया है। उन्होंने कहा है कि, इस मामले की जांच की जानी चाहिए।