नक्सलियों की लगाई IED की चपेट में आई छात्रा,गंभीर रूप से घायल, सूत्र बोले- नक्सली अपने साथ लेकर गए हैं, इलाज कर रहे

नक्सलियों की लगाई IED की चपेट में आई छात्रा,गंभीर रूप से घायल, सूत्र बोले- नक्सली अपने साथ लेकर गए हैं, इलाज कर रहे
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

10 जनवरी 2024 बीजापुर :- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों की लगाई IED की चपेट में आने से 8 साल की छात्रा और उसकी मां घायल हो गईं हैं। सूत्र बता रहे हैं कि छात्रा को ज्यादा चोट आई है इसलिए नक्सली उसे अपने साथ लेकर चले गए हैं। अपने मेडिकल कैंप में इलाज कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने मामले की तस्दीक करने की बात कही है। मामला गंगालूर थाना क्षेत्र का है। 

जानकारी के मुताबिक, घायल बच्ची का नाम सुनीता हेमला (08) बताया जा रहा है जो पालनार के तुंगलवाया की रहने वाली है। सुनीता बीजापुर के पोटाकेबिन में कक्षा तीसरी में पढ़ाई करती है। फिलहाल अपने गांव गई हुई थी। बताया जा रहा है कि, पिछले शुक्रवार को सुनीता अपनी मां के साथ चेरपाल गांव गई हुई थी। राशन सामान लेकर शाम के मां-बेटी दोनों लौट रहे थे। 

इसी बीच चेरपाल-पालनार मार्ग पर नक्सलियों की लगाई प्रेशर IED की चपेट में दोनों मां-बेटी आ गईं। जिससे दोनों घायल हो गईं थीं। हालांकि, छात्रा को गंभीर चोटें आईं थीं। अब सूत्र बता रहे हैं कि इस बात की खबर जब नक्सलियों को मिली तो वे घायल छात्रा को अपने साथ लेकर चले गए हैं। नक्सलियों के मेडिकल कैंप में उसका इलाज किया जा रहा है। इस मामले का खुलासा आज हुआ है। पुलिस अफसरों ने कहा कि मामले की तस्दीक की जा रही है।