बच्ची के साथ आंगन में थी महिला, तभी लगी गोली पुलिस नक्सली में किसकी बंदूक से निकली गोली बना संशय, कांग्रेस के जांच दल को चश्मदीद बोले- फोर्स ने मारा

बच्ची के साथ आंगन में थी महिला, तभी लगी गोली पुलिस नक्सली में किसकी बंदूक से निकली गोली बना संशय, कांग्रेस के जांच दल को चश्मदीद बोले- फोर्स ने मारा
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

10 जनवरी 2024 बीजापुर :- बीजापुर जिले के मुतवेंडी गांव में 1 जनवरी 2024 को महिला अपनी 6 माह की मासूम को गोद में लेकर घर के आंगन में थी। इसी दौरान पुलिस ने गांव में ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। गोली बच्ची को और उसकी मां को भी लगी। बच्ची की तो मौके पर ही मौत हो गई और महिला घायल हो गई थी। कुछ देर बार जवान पहुंचे और बच्ची के शव और घायल महिला को अपने साथ लेकर चले गए।

दरअसल, यह बयान मुतवेंडी गांव में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के चश्मदीदों ने कांग्रेस के जांच दल को दिया है। पुलिस ने दावा किया था कि क्रॉस फायरिंग में मासूम की मौत हुई है। इसी की हकीकत जानने के लिए कांग्रेस प्रदेश संगठन ने 5 सदस्यीय जांच दल का गठन किया था। इसमें बीजापुर MLA विक्रम मंडावी के नेतृत्व में जिले के ही अन्य कांग्रेस नेता शामिल थे। 

विक्रम बोले- फोर्स ने हमें गांव जाने से रोका

बीजापुर के कांग्रेस MLA विक्रम मंडावी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि, 2 दिन पहले इस मामले की जांच करने के लिए बीजापुर से हमारी टीम घटना स्थल के लिए निकली थी। लेकिन पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आगे जाने नहीं दिया। विक्रम ने कहा कि, सरकार के इशारे पर फोर्स उन्हें रोक रही थी। हालांकि, लंबी बातचीत के बाद कावड़गांव तक जाने की इजाजत मिली।

चश्मदीदों ने दिया बयान

जब मुतवेंडी गांव के लोगों को इस बात की जानकारी मिली तो वे सभी कावड़गांव आ गए। विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि, इस घटना के चश्मदीदों ने जांच दल को बताया कि, जिस समय गोलीबारी हुई थी उस समय वे भी घटना स्थल पर ही मौजूद थे। गोलियों की आवाज सुनकर अफरा-तफरी मच गई थी। जब गोलीबारी रुकी तो मौके पर महिला घायल और बच्ची मृत मिली।कुछ देर बाद पुलिस आई और उन्हें अपने साथ ले गई। 

प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेंगे रिपोर्ट

विधायक ने कहा कि गांव वालों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की बंदूक से निकली गोली ही बच्ची और उसकी मां को लगी है। घटनास्थल में नक्सली मौजूद थे या नहीं फिलहाल अभी यह स्पष्ट नहीं है। यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि घायल महिला से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई है क्योंकि उसका इलाज जगदलपुर में चल रहा है। अब चश्मदीदों के बयान की रिपोर्ट उसकी जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को सौंपी जाएगी।