बीजापुर में IED ब्लास्ट, एक जवान जख्मी,सर्चिंग के दौरान STF जवान का पैर IED पर आया, प्राथमिक उपचार के बाद करेंगे रायपुर रेफर

बीजापुर में IED ब्लास्ट, एक जवान जख्मी,सर्चिंग के दौरान STF जवान का पैर IED पर आया, प्राथमिक उपचार के बाद करेंगे रायपुर रेफर
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

20 जनवरी 2024 बीजापुर :- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों की लगाई प्रेशर IED की चपेट में आने से STF का एक जवान घायल हो गया है। घायल जवान को गंभीर रूप से चोट आई है। साथी जवान उसे घटनास्थल से निकालकर जिला मुख्यालय ला रहे हैं। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर की मदद से राजधानी रायपुर रेफर किया जाएगा। 

जानकारी के मुताबिक, जिले के नक्सल प्रभावित इलाके चिन्नागेलूर में स्थित पुलिस कैंप से STF के जवान आज एरिया डोमिनेशन पर निकले थे। सर्चिंग करते हुए जवान गुंडेम के तोयानाला के पास पहुंचे। यहां नक्सलियों ने पहले से ही प्रेशर IED प्लांट कर रखी हुई थी। सर्चिंग के दौरान प्रेशर IED पर STF के आरक्षक प्रमोद शर्मा का पैर आ गया। 

जिसके बाद जोर का धमाका हुआ। इस घटना में जवान के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद अब साथी जवान घायल को मौके से निकालकर जिला अस्पताल लेकर आ रहे हैं। जहां घायल जवान का प्राथमिक उपचार किया जाएगा। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से राजधानी रायपुर रेफर किया जाएगा।