सेंट्रल जेल में बड़ी लापरवाही...उम्रकैद के आरोपी की गलती से रिहाई...!!

सेंट्रल जेल में बड़ी लापरवाही...उम्रकैद के आरोपी की गलती से रिहाई...!!
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR
9 जुलाई 2024  रायपुर :- रायपुर के सेंट्रल जेल में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। हत्या के आरोप में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी महावीर सतनाम को जेल प्रबंधन की गलती से रिहा कर दिया गया। महावीर सतनाम पिछले 14 वर्षों से जेल में बंद थे। इस बड़ी गलती का पता चलते ही, आठ दिन बाद उन्हें फिर से गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया गया।
 
 रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने इस लापरवाही पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा, “जहां पर भी, जिसके भी चूक हुई होगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मैंने जो जानकारी ली है, उससे पता चला कि कुछ कंफ्यूजन के कारण यह गलती हुई है। लेकिन अब कैदी को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया है।“
 
कलेक्टर सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरी प्रक्रिया में जो भी जिम्मेदार होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हम इस प्रक्रिया को बारीकी से देखेंगे और जहां भी खामी पाई जाएगी, उसे ठीक किया जाएगा। जिसने भी विधि विरुद्ध कार्य किया होगा, उसे कार्रवाई के लिए आना होगा।
 
जेल में हुई इस गंभीर लापरवाही के बाद, प्रशासन ने जेल प्रबंधन पर सख्त निगरानी रखने का निर्णय लिया है। इससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि भविष्य में इस प्रकार की गलती दोबारा न हो। जेल प्रशासन की इस बड़ी चूक ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और इसके जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।