अयोध्या की तर्ज पर सजेगी व्यवसायिक नगरी गीदम, कोंडागांव में बन रहा विशेष रथ, प्रभु श्रीराम के लंका से अयोध्या लौटने की निकले की झांकी, शोभायात्रा में जुटेंगे हजारों भक्त

अयोध्या की तर्ज पर सजेगी व्यवसायिक नगरी गीदम, कोंडागांव में बन रहा विशेष रथ, प्रभु श्रीराम के लंका से अयोध्या लौटने की निकले की झांकी, शोभायात्रा में जुटेंगे हजारों भक्त
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

13 जनवरी 2024 दंतेवाडा :- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले की व्यावसायिक नगरी गीदम 17 जनवरी को अयोध्या की तर्ज पर सजेगी। हनुमान मंदिर से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। खास बात है कि इसमें एक झांकी भी निकाली जाएगी जिसमें प्रभु श्री राम के लंका से अयोध्या लौटने के दृश्य को झांकी के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके लिए कोंडागांव में विशेष रथ का निर्माण किया जा रहा है। ऐसा बताया जा रहा है कि इस आयोजन में करीब 5 से 10 हजार भक्त जुटेंगे।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंगदल के सदस्य ओम सोनी ने बताया कि, 17 जनवरी को गीदम नगर में भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन विश्व हिंदू परिषद और बजरंगदल की तरफ से किया जा रहा है। पुराना नाका के पास स्थित बजरंगबली के मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में भगवान श्री राम की झांकी भी निकलेगी। MLA चैतराम अटामी समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि, भगवान श्री राम जब लंका से अयोध्या लौटे थे, जिस तरह से प्रभु का स्वागत किया गया था ठीक उसी की एक झलक इस शोभायात्रा के दौरान देखने को मिलेगी। पूरे शहर की मुख्य सड़क को झालर से सजाया जाएगा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ भजन-कीर्तन भी किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में दंतेवाड़ा जिले के अलावा पड़ोसी जिलों से भी राम भक्त पहुंचेंगे। अनुमान है कि, करीब 5 से 10 हजार रामभक्त जुटेंगे। 

यात्रा के बाद भंडार का भी आयोजन किया जाएगा। ओम सोनी का कहना है कि, इस आयोजन में करीब 20 से ज्यादा कार सेवकों का सम्मान किया जाएगा। इसी दिन अयोध्या में भी शोभायात्रा निकाली जा रही है। ठीक उसी की तर्ज पर यहां भी आयोजन किया जाएगा। ये हमारे लिए खुशी की बात है कि प्रभु श्री राम के मंदिर निर्माण को हम देख पा रहे हैं। यह हर एक सनातनियों के लिए खुशी का क्षण है। 

घर-घर घूम बांट रहे पत्रक भक्त 

ओम सोनी ने बताया कि, अयोध्या से अक्षत कलश और पत्रक आया है। विहिप और बजरंगदल के सदस्य घर-घर घूमकर अक्षत के साथ पत्रक बांट रहे हैं। हर दिन शाम भारी संख्या में भजन-कीर्तन कर हर घर पहुंच पत्रक दिए जा रहे हैं। इस पत्रक में राम मंदिर से जुड़ी हुई सारी बातें लिखी हुई है।