बीजापुर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, नक्सली कमांडर ढेर, एक लाख रुपए का था इनामी, पुलिस का दावा- 3 से 4 नक्सली घायल हुए, सर्चिंग जारी 

बीजापुर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, नक्सली कमांडर ढेर, एक लाख रुपए का था इनामी, पुलिस का दावा- 3 से 4 नक्सली घायल हुए, सर्चिंग जारी 
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

12 जनवरी 2024 जगदलपुर :- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया है। जिसके शव को भी बरामद कर लिया गया है। मारे गए नक्सली की शिनाख्त तोया पोटाम उर्फ सोमलु के रूप में हुई है। यह नक्सल संगठन में जन मिलिशिया कमांडर के पद पर सक्रिय था। इसपर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मामला गंगालूर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि पुसनार के जंगल में गंगालूर एरिया कमेटी का सचिव दिनेश मोडियम अपने आंजय साथियों के साथ मौजूद है। मुखबिर की इसी सूचना के आधार पर जवानों को मौके के लिए निकाला गया था। जब आज शाम जवान नक्सलियों के कोर इलाके में पहुंचे तो नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। 

जिसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों तरफ से करीब 20 से 25 मिनट तक फायरिंग हुई। हालांकि, जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। मुठभेड़ रुकने के बाद फोर्स ने घटना स्थल की सर्चिंग की। वहीं मौके से नक्सली का शव बरामद किया गया। 

जिसकी शिनाख्त तोया पोटाम के रूप में की गई। इस मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को ढेर कर दिया। पुलिस ने दावा किया है कि, मुठभेड़ में करीब 3 से 4 नक्सली घायल भी हुए हैं। जवान अब भी मौके पर ही मौजूद हैं। अफसरों का कहना है कि जब जवान लौटेंगे तब ज्यादा जानकारी मिल पाएगी।