चाचा ने भतीजी के बॉयफ्रेंड को मार डाला आधी रात युवक को जमकर पीटा, फिर छत से नीचे फेंका, युवक की इलाज के दौरान मौत

चाचा ने भतीजी के बॉयफ्रेंड को मार डाला आधी रात युवक को जमकर पीटा, फिर छत से नीचे फेंका, युवक की इलाज के दौरान मौत
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

12 जनवरी 2024 जगदलपुर :- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक चाचा ने अपनी भतीजी के ब्वॉयफ्रेंड की हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए आधी रात उसके घर गया था। दोनों बिस्तर पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच लड़की के चाचा ने दोनों को देख लिया। इसके बाद युवक की बेदम पिटाई की। फिर छत से नीचे फेंक दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। अब पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 

जानकारी के मुताबिक, कुदालगांव गुचागुडा के नीलेश ठाकुर का राजू उर्फ पुरुषोत्तम ठाकुर की भतीजे के साथ पिछले कई दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। नीलेश ठाकुर युवती के घर उससे मिलने-जुलने भी आता रहता था। वहीं 8 जनवरी की आधी रात को भी वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके घर आया। दोनों कमरे में बिस्तर पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बगल के कमरे में राजू उर्फ पुरुषोत्तम भी मौजूद था। जिसने दोनों के बातचीत की आवाज सुनी और फौरन अपनी भतीजी के कमरे में पहुंच गया। 

पुरुषोत्तम को देख नीलेश ठाकुर हड़बड़ा गया और वह भागने लगा। हालांकि, पुरुषोत्तम ने नीलेश को पकड़ लिया और उसकी बेदम पिटाई की। लाठी-डंडे से उसे मारा गया। जब नीलेश की हालत अधमरी हुई तो उसे छत से नीचे फेंक दिया गया। हालांकि बाद में उसे अस्पताल भी भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद नीलेश ठाकुर के परिजनों ने पुलिस थाने में FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की जांच की और पुरुषोत्तम को हिरासत में लिया गया।

पुरुषोत्तम से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि भतीजी और नीलेश का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जो उसे बिल्कुल पसंद नहीं था। इससे पहले भी उसने कई दफा दोनों को एक-दूसरे से बातचीत करने मना किया था। लेकिन फिर भी दोनों कांटेक्ट में थे और रात-रात में बातचीत किया करते थे। इसी गुस्से में आकर पहले भी फोन तोड़ चुका है। पुलिस के सामने पुरुषोत्तम ने अपना जुर्म कबूल लिया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।