पार्किंग को लेकर बवाल, विशाल मेगामार्ट के गार्ड की बेरहमी से पिटाई, गार्ड हुआ बेहोश सीसीटीवी में कैद वारदात
02 जुलाई 2026 जगदलपुर :- शहर के धरमपुरा रोड स्थित विशाल मेगामार्ट में बुधवार रात 8 बजे कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि कुछ युवकों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना के बाद मेगामार्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार को पार्किंग में खड़ा करने को लेकर सुरक्षा गार्ड और कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। गार्ड द्वारा पार्किंग व्यवस्था बनाए रखने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते युवकों ने अपना आपा खो दिया और सुरक्षा गार्ड पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गार्ड को जमीन पर गिराने के बाद भी उसके साथ मारपीट जारी रही, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी काफी देर तक मारपीट करते रहे। बाद में घायल गार्ड को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया,
जानकारी के अनुसार, पूरी घटना मेगामार्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने सार्वजनिक स्थान पर ड्यूटी कर रहे सुरक्षा कर्मी के साथ हुई इस हिंसक घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।