सुन्दरराज पट्टलिंगम ने एनआईए में प्रतिनियुक्ति पर जाने से पहले नए आईजी को सौंपी बस्तर की जिम्मेदारी, बद्रीनारायण मीणा ने संभाली आईजी की कमान, मिशन-2026 को आगे बढ़ाने का संकल्प
01 जुलाई 2026 जगदलपुर :- बस्तर रेंज के पुलिस नेतृत्व में अहम बदलाव हुआ है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण मीणा ने बुधवार को बस्तर रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने सुन्दरराज पट्टलिंगम का स्थान लिया है, जिन्हें भारत सरकार द्वारा प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) में पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जगदलपुर स्थित बस्तर रेंज कार्यालय में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर निवर्तमान आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने नए आईजी बद्रीनारायण मीणा का स्वागत करते हुए उन्हें सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं और बस्तर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की।
समारोह को संबोधित करते हुए सुन्दरराज पट्टलिंगम ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए राज्य शासन, पुलिस मुख्यालय, केंद्रीय सुरक्षा बलों, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मीडिया तथा आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बस्तर में मिली उपलब्धियां टीमवर्क, बेहतर समन्वय और सभी की प्रतिबद्धता का परिणाम हैं। साथ ही उन्होंने नक्सल विरोधी अभियान में शहीद हुए पुलिस जवानों, सुरक्षा बलों के कर्मियों और नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नवनियुक्त आईजी बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में जो सकारात्मक पहल हुई है, उसे और गति दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस, सुरक्षा बल, प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर जनविश्वास को मजबूत किया जाएगा तथा मिशन-2026 के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बस्तर को स्थायी शांति, सुरक्षित वातावरण और समावेशी विकास की दिशा में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।