जेल से छूटते ही छह हत्याओं से दहला तेलंगाना: पत्नी, दो मासूम बच्चों समेत शिकायतकर्ता परिवार को उतारा मौत के घाट POCSO मामले में जमानत पर बाहर आय था आरोपी 

जेल से छूटते ही छह हत्याओं से दहला तेलंगाना: पत्नी, दो मासूम बच्चों समेत शिकायतकर्ता परिवार को उतारा मौत के घाट POCSO मामले में जमानत पर बाहर आय था आरोपी 
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

11 जुलाई 2026 हैदराबाद/रंगा रेड्डी :- तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में शनिवार तड़के हुए दिल दहला देने वाले सामूहिक हत्याकांड ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया। जिले के शाहाबाद मंडल अंतर्गत दैवलागुडा गांव में एक युवक ने कथित रूप से अपनी पत्नी, दो मासूम बच्चों और POCSO मामले की शिकायतकर्ता नाबालिग लड़की सहित उसके परिवार के तीन सदस्यों की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस निर्मम वारदात में कुल छह लोगों की जान चली गई।

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, 28 वर्षीय आरोपी राज कुमार (कुछ पुलिस अभिलेखों में राजशेखर) हाल ही में POCSO अधिनियम के तहत दर्ज मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने अपने खिलाफ दर्ज मामले का बदला लेने की नीयत से इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले अपने घर में पत्नी और दो नाबालिग बेटों पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह उस नाबालिग लड़की के घर पहुंचा, जिसने उसके खिलाफ POCSO के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। वहां उसने लड़की, उसकी मां और दादी पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही समय बाद हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी बुलाई गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में बदले की भावना इस सामूहिक हत्याकांड की प्रमुख वजह सामने आ रही है। हालांकि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त हथियार, घटनाक्रम और अन्य साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जा रहा है।

इस दर्दनाक घटना के बाद दैवलागुडा गांव में शोक और दहशत का माहौल है। एक ही दिन में छह लोगों की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।