राजधानी रायपुर में बस्तर का जलवा, कयाकिंग-कैनोइंग में 60 पदक जीत खिलाड़ियों ने लहराया परचम
7 मई 2026 जगदलपुर रायपुर :- राजधानी रायपुर के बूढ़ा तालाब में आयोजित राज्य स्तरीय कयाकिंग एंड कैनोइंग प्रतियोगिता में बस्तर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दमदार खेल दिखाते हुए कुल 60 पदक जीतकर बस्तर का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में बस्तर के खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण, 16 रजत एवं 35 कांस्य पदक हासिल किए। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिलेभर में उत्साह और खुशी का माहौल है।
बस्तर की जीवनदायिनी इंद्रावती नदी में रोजाना सुबह-शाम होने वाले कठिन अभ्यास का असर प्रतियोगिता में साफ दिखाई दिया। प्राकृतिक जलधारा में लगातार प्रशिक्षण ने खिलाड़ियों की तकनीक, संतुलन, सहनशक्ति और आत्मविश्वास को मजबूत किया, जिसका परिणाम शानदार प्रदर्शन के रूप में सामने आया।
प्रतियोगिता में सोनम पुजारी ने K1 200 मीटर में स्वर्ण पदक, K1 1000 मीटर और K1 500 मीटर में रजत पदक तथा मिक्स K2 200 मीटर में स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सतेदव बघेल ने K4 1000 मीटर और मिक्स K2 200 मीटर में स्वर्ण पदक, K1 500 मीटर में रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए।
शिव पुजारी ने तीन पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। मिक्स K2 में सोनम पुजारी और सतेदव बघेल की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीतकर बस्तर को गौरवान्वित किया।
इसके अलावा मालती, ईशा, अंजना, रोशनी, मुस्कान, सुमनी, अमित, अनुज और बली ने भी पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
जगदलपुर विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बस्तर के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
महापौर संजय पांडे ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बस्तर के युवा लगातार खेलों में नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बस्तर के खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और आत्मविश्वास की पहचान है।
अपर कलेक्टर एवं सहायक संचालक ऋषिकेश तिवारी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बस्तर के खिलाड़ियों ने पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ शानदार प्रदर्शन किया है।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को कोच अशोक साहू का मार्गदर्शन एवं प्रभारी कोटेश्वर राव नायडू का सहयोग प्राप्त हुआ। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जगदलपुर के समाजसेवियों एवं खेल प्रेमियों ने भी बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।