छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल जारी: 5और आईएएस अधिकारियों के तबादले, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को मिला नया कलेक्टर
10 जुलाई 2026 रायपुर :- छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में एक बार फिर बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के चार अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा महानदी भवन से जारी आदेश के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले को नया कलेक्टर मिला है, जबकि कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस ताजा फेरबदल में 2013 बैच के आईएएस अधिकारी संतोष कुमार देवांगन को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्टर पद से हटाकर स्कूल शिक्षा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं 2015 बैच के आईएएस विजय दयाराम के. को तकनीकी शिक्षा विभाग से स्थानांतरित कर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर बनाया गया है।
इसी क्रम में हेमंत नंदनवार को महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पद से हटाकर तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग का संचालक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण (CSSDA) के अतिरिक्त मिशन संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं सुमित अग्रवाल को दुर्ग नगर निगम के आयुक्त पद से हटाकर छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।
लगातार दूसरे दिन तबादलों की सूची
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी राज्य सरकार ने 19 प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले किए थे। उस सूची में अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, जिला पंचायत CEO, महाप्रबंधक सहित विभिन्न प्रशासनिक पदों पर नई नियुक्तियां की गई थीं।
पूर्व में जारी आदेश के अनुसार अरुण कुमार वर्मा को नगर निगम धमतरी का आयुक्त, शशांक पांडे को छत्तीसगढ़ रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन का अतिरिक्त प्रबंध संचालक, जी.आर. मरकाम को नगर निगम राजनांदगांव का आयुक्त, विजेंद्र सिंह को नगर निगम चिरमिरी का आयुक्त तथा इंद्रजीत बर्मन को संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं में अपर संचालक नियुक्त किया गया था।
प्रशासनिक कार्यों में आएगी तेजी
लगातार हो रहे इन तबादलों को राज्य सरकार की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए पदस्थ अधिकारी जल्द ही अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देंगे।
तबादला सूची के प्रमुख नाम
संतोष कुमार देवांगन – कलेक्टर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग।
विजय दयाराम के. – तकनीकी शिक्षा विभाग से स्थानांतरित होकर कलेक्टर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
हेमंत नंदनवार – संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग एवं अतिरिक्त मिशन संचालक, CSSDA।
सुमित अग्रवाल – मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA)।