मंत्री केदार कश्यप के काफिले में भीषण हादसा, स्कॉर्पियो ने मारी मंत्री के कार को  टक्कर, 6 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर; रायपुर रेफर — मंत्री केदार कश्यप बाल-बाल बचे

मंत्री केदार कश्यप के काफिले में भीषण हादसा, स्कॉर्पियो ने मारी मंत्री के कार को  टक्कर, 6 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर; रायपुर रेफर — मंत्री केदार कश्यप बाल-बाल बचे
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

23 अगस्त 2026 कोंडागांव :- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। जूनवानी के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक मंत्री के काफिले की ओर आ गई और उसने पहले मंत्री की कार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं। इनमें मंत्री के पीए, ड्राइवर और चार पुलिसकर्मी शामिल हैं। घायलों में चार की स्थिति गंभीर बताई गई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

काफिले में मौजूद थे मंत्री, हादसे में बाल-बाल बचे

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहे थे। उनका काफिला जूनवानी के पास पहुंचा था। इसी दौरान कोंडागांव की ओर से जगदलपुर की तरफ जा रही एक स्कॉर्पियो अचानक काफिले के सामने आ गई।

स्कॉर्पियो ने सबसे पहले मंत्री केदार कश्यप की कार को टक्कर मारी। इसके बाद वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और स्कॉर्पियो काफिले में चल रहे फॉलो वाहन से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि फॉलो वाहन समेत काफिले की तीन गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।

हादसे के समय मंत्री केदार कश्यप स्वयं अपनी कार में मौजूद थे। हालांकि दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित रहे। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

छह लोग घायल, चार को रायपुर भेजा गया

हादसे में मंत्री के काफिले में शामिल छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में मंत्री के पीए अनुराग शर्मा, ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य तथा चार पुलिसकर्मी शामिल हैं।

मंत्री के पीए अनुराग शर्मा को हादसे के बाद सीने में दर्द की शिकायत हुई। चिकित्सकीय जांच और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया।

काफिले के ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य के सिर, चेहरे और पैर में चोट आई है। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें भी रायपुर रेफर किया गया।

वहीं प्रधान आरक्षक राजेश नेताम के सिर में गंभीर चोट बताई गई है। आरक्षक सुगंतिन उसेंडी को भी सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेजा गया।

आरक्षक त्रिलोतमा मदरू के सिर, सीने, पीठ और दाहिने हाथ में चोट आई है, जबकि आरक्षक नर्मदा मरकाम के सिर और बाएं कंधे में चोट बताई गई है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल में कराया गया प्राथमिक उपचार

दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने घायलों की जांच कर प्राथमिक उपचार शुरू किया। गंभीर चोट वाले मरीजों की स्थिति को देखते हुए चार घायलों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए रायपुर रेफर करने का निर्णय लिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने के लिए जेसीबी की मदद ली गई।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण नहीं रहने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ करने के साथ ही हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि दुर्घटना के समय स्कॉर्पियो की गति कितनी थी और चालक ने काफिले के नजदीक पहुंचने पर वाहन पर नियंत्रण क्यों खोया।

काफिले की तीन गाड़ियों को नुकसान

टक्कर के कारण मंत्री के काफिले में शामिल तीन वाहनों को नुकसान पहुंचा है। खास तौर पर फॉलो वाहन को टक्कर से काफी क्षति पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

फिलहाल मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित हैं। वहीं घायल पीए, ड्राइवर और पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है। चार गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया है।

हादसे ने उठाए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल

मंत्री के काफिले के बीच इस तरह स्कॉर्पियो के अचानक पहुंचने और दो वाहनों को टक्कर मारने की घटना ने वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।