जगदलपुर में बाइक चोर गिरफ्तार, बोधघाट पुलिस ने ₹30 हजार की चोरी की मोटरसाइकिल की बरामद

जगदलपुर में बाइक चोर गिरफ्तार, बोधघाट पुलिस ने ₹30 हजार की चोरी की मोटरसाइकिल की बरामद
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

13 अक्टूबर 2026 जगदलपुर :- बस्तर जिले के जगदलपुर में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बोधघाट पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर करीब 30 हजार रुपये कीमत की चोरी की गई बाइक बरामद की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

घर के आंगन से चोरी हुई थी मोटरसाइकिल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अडावाल निवासी देवी सिंह दीवान, पिता सोभी राम दीवान ने थाना बोधघाट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 12 जून 2026 की रात अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 17 KP 4899 रोजाना की तरह घर के सामने आंगन में खड़ी की थी। रात में अज्ञात चोर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट निरीक्षक टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुजल साव (19 वर्ष), पिता सुरेश साव, निवासी परपा नाका के पास, गीदम रोड, जगदलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 17 KP 4899, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त की गई।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अफसाना, सहायक उपनिरीक्षक सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक सुनील मनहर तथा आरक्षक युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर और संदीप राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।बोधघाट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।