राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर पुलिस का परचम: बोधघाट थाना बना छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ थाना
08 जुलाई 2026 जगदलपुर :- बस्तर पुलिस के लिए गौरव का एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2025 की वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बस्तर जिले के बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के साथ बोधघाट थाना राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थानों की सूची में शामिल हो गया है। विशेष बात यह है कि बस्तर संभाग का यह पहला थाना है जिसे इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है।
गृह मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष देशभर के पुलिस थानों का व्यापक मूल्यांकन किया जाता है। इस प्रक्रिया में अपराध नियंत्रण, विवेचना की गुणवत्ता, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता, सामुदायिक पुलिसिंग, नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, जनसहभागिता, अभिलेख संधारण, पुलिस अधोसंरचना तथा नवाचार आधारित कार्यप्रणाली जैसे अनेक मानकों को आधार बनाया जाता है। इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बोधघाट थाना ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से जारी प्रशस्ति-पत्र बस्तर के तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज एवं वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीना ने तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौड़ तथा वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक तामेश्वर चौहान को प्रदान किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीशिमल और वर्तमान नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे सहित पुलिस विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह सम्मान बोधघाट थाना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, अनुशासित कार्यसंस्कृति और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। थाना द्वारा अपराधों की प्रभावी रोकथाम, बेहतर कानून-व्यवस्था, आम नागरिकों के साथ विश्वासपूर्ण संवाद, सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने तथा आधुनिक एवं नवाचार आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में किए गए कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
बोधघाट थाना की यह उपलब्धि न केवल बस्तर पुलिस बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। इससे प्रदेश के अन्य पुलिस थानों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की नई प्रेरणा मिलेगी।