वोट चोरी’ के आरोपों पर जगदलपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल, CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, मतदाता सूची की स्वतंत्र जांच की उठाई मांग
05 अक्टूबर 2026 जगदलपुर/बस्तर :- ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को जगदलपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य एवं ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम शंकर शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” के नारे लगाए।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के कारण लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठा रही है।
पुतला दहन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च किया। यहां उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
तीन प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव व्यवस्था, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की स्वतंत्र न्यायिक जांच तथा EVM-VVPAT के शत-प्रतिशत मिलान की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का विश्वास सर्वोच्च है और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का निष्पक्ष तरीके से समाधान होना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की चुनाव व्यवस्था को लेकर जमकर नारेबाजी की और कहा कि मतदाता सूची से लेकर मतदान और मतगणना तक पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान एकजुट होकर चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई और “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” के नारे लगाए। कांग्रेस ने कहा कि मतदाता के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता की रक्षा के लिए पार्टी अपनी आवाज आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू,पूर्व विधायक रेखचंद जैन,उमाशंकर शुक्ला,विक्रम सिंह डांगी,पूर्व महापौर जतिन जायसवाल,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,पूर्व सभापति कविता साहू,कोमल सेना,महामंत्री अभिषेक नायडू,रविशंकर तिवारी,महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद,यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव,संतोष सेठिया, फूलसिंह बघेल, अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोजविन दास,पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष शुभम यदू,अनवर खान,बबली खान,सेमियल नाथ,संदीप दास,अपर्णा बाजपेई एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।