₹20 लाख के मामले में बलराम मौर्य के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी! पूर्व कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष और वर्तमान भाजपा नेता की तलाश में पुलिस की दबिश, घर पर लगातार दी जा रही दस्तक
06 नवम्बर 2026 जगदलपुर :- बस्तर की राजनीति से जुड़े एक चर्चित नाम बलराम मौर्य की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। करीब 20 लाख रुपये के लेनदेन से जुड़े मामले में उनके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पूर्व में कांग्रेस पार्टी के ग्रामीण जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके बलराम मौर्य फिलहाल भाजपा में शामिल हो चुके हैं। अब उनके खिलाफ वारंट जारी होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
न्यायालय से जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट
प्राप्त न्यायालयीन दस्तावेज में प्रकरण क्रमांक 240/2026 दर्ज है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, जगदलपुर की अदालत से बलराम मौर्य के नाम गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। दस्तावेज में थाना परपा, जिला बस्तर का उल्लेख है। मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 138 एनआई एक्ट के तहत कार्रवाई का उल्लेख दिखाई दे रहा है। यह प्रकरण चेक अनादरण (चेक बाउंस) से संबंधित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला लगभग 20 लाख रुपये के आर्थिक लेनदेन से जुड़ा हुआ है। न्यायालय की ओर से आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस की दबिश, लेकिन अब तक नहीं मिला सुराग
मामले में पुलिस का कहना है कि बलराम मौर्य फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि उनके घर पर भी पुलिस द्वारा लगातार दस्तक दी जा रही है और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
कांग्रेस से भाजपा तक का राजनीतिक सफर, अब कानूनी मुश्किलों में घिरे
बलराम मौर्य बस्तर की राजनीति में जाना-पहचाना नाम रहे हैं। वे पूर्व में कांग्रेस पार्टी के ग्रामीण जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। राजनीतिक पृष्ठभूमि रखने वाले बलराम मौर्य के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने की खबर सामने आने के बाद यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
20 लाख रुपये का मामला, गिरफ्तारी पर टिकी निगाहें
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 20 लाख रुपये के इस लेनदेन से जुड़े मामले में बलराम मौर्य कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं? क्या वे स्वयं न्यायालय में उपस्थित होंगे या पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश करेगी? फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
इस पूरे घटनाक्रम पर अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों की निगाहें टिकी हुई हैं।
Times of Bastar की नजर इस मामले पर बनी हुई है। आगे की कार्रवाई और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।