जगदलपुर के नयामुंडा स्थित पुराने फिल्टर प्लांट में भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू

जगदलपुर के नयामुंडा स्थित पुराने फिल्टर प्लांट में भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

13 जून 2026 जगदलपुर :- जगदलपुर शहर के नयामुंडा क्षेत्र स्थित पुराने फिल्टर प्लांट और पानी टंकी परिसर में शुक्रवार रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे परिसर में धुएं का गुबार छा गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 8 बजे फिल्टर प्लांट परिसर से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने आसपास रखी सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि ट्रांसफार्मर या बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी, जो बाद में परिसर में रखे ब्लीचिंग पाउडर और अन्य सामग्री तक पहुंच गई। इससे आग तेजी से फैल गई और स्थिति गंभीर हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका। नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। आग की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन आसपास के क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

स्थानीय लोगों की भी बड़ी संख्या में मौके पर भीड़ जमा हो गई थी। प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आग बुझाने के कार्यों का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को आग लगने के कारणों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। घटना के कारण हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच के लिए संबंधित विभागों की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

स्थानीय नागरिकों ने फिल्टर प्लांट जैसे संवेदनशील परिसर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। प्रशासन ने भी जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।