मानवता सामाजिक संस्था ने उत्कृष्ट प्रतिभाओं का किया सम्मान, छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान
1 अगस्त 2026 जगदलपुर :- शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से मानवता सामाजिक संस्था, जगदलपुर द्वारा 31 जुलाई को प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था ने विभिन्न विद्यालयों की मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (सेजस), नानगूर में विद्यालय के प्राचार्य विनोद भदौरिया एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग और सान्निध्य में छात्रा कु. सिमरन ठाकुर को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में हाई स्कूल पुसपाल की मेधावी छात्रा कु. उर्मिला बघेल को विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सरकार के माध्यम से प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है और ऐसे प्रयासों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।

मानवता सामाजिक संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा, समाजसेवा और प्रतिभा सम्मान जैसे कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करती रहेगी, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने भी संस्था के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को समय-समय पर मिलने वाला सम्मान उनके मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य छात्रों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।