ब्रेकिंग : जगदलपुर में पुलिस जवान ने सर्विस रायफल से खुद को मारी गोली, कंधे को छूकर निकली; हालत स्थिर
17 अगस्त 2026 जगदलपुर :- शहर के पथरागुड़ा इलाके में सोमवार को एक पुलिस जवान द्वारा कथित तौर पर अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मारने का मामला सामने आया। गोली जवान के कंधे में लगी और आर-पार निकल गई। घटना के बाद उसे तत्काल महारानी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घायल जवान की पहचान विजय जेना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवान ने अपनी इंसास रायफल से खुद के कंधे की ओर गोली चलाई।
घटना के समय जवान का परिवार घर पर ही मौजूद था। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया।
कंधे को छूकर निकल गई गोली
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गोली कंधे के ऊपरी हिस्से को छूते हुए निकल गई। चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई है। जवान को निगरानी में रखा गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जवान की पारिवारिक परिस्थितियों और घटना से पहले की परिस्थितियों सहित अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि, अभी तक आत्महत्या के प्रयास के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद जवान के परिजन सदमे में हैं, वहीं पुलिस महकमे में भी मामले को लेकर चिंता का माहौल है।