अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत, जेल मे बंद भाई अली अहमद से मुलाकात कर लौटते समय हुआ हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डिवाइडर से टकराई कार, दो की मौत और तीन गंभीर घायल 

अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत, जेल मे बंद भाई अली अहमद से मुलाकात कर लौटते समय हुआ हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डिवाइडर से टकराई कार, दो की मौत और तीन गंभीर घायल 
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

6 अगस्त 2026 झांसी,उत्तर प्रदेश :- माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में अबान अहमद सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मुलाकात करने आया था। मुलाकात के बाद सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पूंछ थाना क्षेत्र के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोठ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अबान अहमद और एक अन्य युवक को मृत घोषित कर दिया। शेष तीन घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।

पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को सूचना दे दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।